चार सालों में तैयार करेंगे 200 से अधिक एयरपोर्ट : पीएम मोदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर/कुशीनगर। तथागत भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर बुधवार को अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा से विकास का नया आसमान छूने की दिशा में अग्रसर हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सतत प्रयासों से यहां बने प्रदेश के तीसरे इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने …

गोरखपुर/कुशीनगर। तथागत भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर बुधवार को अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा से विकास का नया आसमान छूने की दिशा में अग्रसर हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सतत प्रयासों से यहां बने प्रदेश के तीसरे इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने उन क्षेत्रों की एयर कनेक्टिविटी पर अधिक जोर दिया। जहां के बारे में लोगों ने सोचा तक नहीं था।

सरकार की कोशिश है कि आने वाले तीन-चार सालों में 200 से अधिक एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट और सीप्लेन के लिए वाटरपोर्ट भी तैयार हो। एयरपोर्ट परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के अंतर्गत 900 से अधिक हवाई रूट स्वीकृत किए गए हैं और उनमें से 350 पर हवाई सेवा भी शुरू हो गई है। साथ ही 50 से अधिक एयरपोर्ट चालू हुए हैं। इसका प्रभाव सामान्यजन में भी दिखने लगा है। इसके अलावा पीएम ने कहा कि एविएशन सेक्टर में युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए पांच एयरपोर्ट पर आठ नई फ्लाइंग एकेडमी स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

हर क्षेत्र में जीवन को बदलने वाली है ड्रोन नीति

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में बनी हमारी ड्रोन नीति कृषि से लेकर स्वास्थ्य तक, डिजास्टर मैनेजमेंट से लेकर डिफेंस तक जीवन को बदलने वाली है। द्रोण की मैन्युफैक्चरिंग से लेकर फ्लाइंग ट्रेंड मैनपावर के लिए एक इको सिस्टम विकसित हो रहा है। इसी क्रम में उन्होंने पीएम गतिशक्ति की चर्चा करते हुए कहा कि इस मास्टर प्लान के लॉच होने से गवर्नेन्स में तो सुधार आएगा ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सड़क, रेल व हवाई मार्ग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर एक दूसरे को सपोर्ट करें।

भारत विश्व भर के बौद्ध समाज की आस्था और प्रेरणा का केंद्र: पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत विश्व भर के बौद्ध समाज की आस्था और प्रेरणा का केंद्र है। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की यह सुविधा उनकी आस्था को अर्पित पुष्पांजलि है। भगवान बुद्ध के ज्ञान से लेकर उनकी महापरिनिर्वाण का साक्षी यह क्षेत्र अब सीधे दुनिया से जुड़ गया है।

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दोहरी खुशी

पीएम मोदी ने कहा कि कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट दशकों की आशाओं और अपेक्षाओं का परिणाम है। आज यहां मुझे दोहरी खुशी हो रही है। आध्यात्मिक यात्रा के जिज्ञासु के रूप में मन में संतोष के भाव हैं तो पूर्वांचल क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में यह कमिटमेंट पूरा होने की घड़ी है।

कुशीनगर का विकास केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुशीनगर का विकास केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के होने से यह क्षेत्र भारत का ही नहीं श्रीलंका, थाईलैंड, कंबोडिया, जापान, कोरिया, लाओस, सिंगापुर आदि के श्रद्धा व आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। साथ ही कहा कि भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी यहां से बहुत दूर नहीं है। कपिलवस्तु बिल्कुल पास ही है। भगवान बुद्ध ने जहां पहला उपदेश दिया था वह सारनाथ वह भी 200 किलोमीटर दूर है। तथागत ने जहां ज्ञान प्राप्त किया वह बोधगया भी कुछ घण्टों की दूरी पर है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट होने से भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर का जुड़ाव देश के हर कोने से हो गया है।

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विकसित होगा समग्र विकास का इको सिस्टम..

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट सिर्फ एयर कनेक्टिविटी का माध्यम नहीं बनेगा। बल्कि, इसके बनने से किसानों, पशुपालकों, दुकानदारों, श्रमिकों, उद्यमियों सभी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इसके जरिए व्यापार, कारोबार, उद्यम का एक इको सिस्टम विकसित होगा।

पर्यटन के हर स्वरूप में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बहुत जरूरी

अपने संबोधन में पर्यटन विकास की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन का कोई भी स्वरूप हो, उसके विकास के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बहुत जरूरी है। रेलवेज, रोडवेज, एयरवेज, वाटरवेज की बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ही होटल, इंटरनेट, साफ-सफाई, पर्यावरण अनुकूल एनर्जी आदि सभी पर्यटन को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते हैं।

बौद्ध सर्किट की परिकल्पना को साकार किया पीएम मोदी ने : सीएम योगी

एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि भगवान बुद्ध से जुड़े सर्वाधिक स्थल उत्तर प्रदेश में है। भगवान बुद्ध की राजधानी कपिलवस्तु, ज्ञानोपदेश का केंद्र सारनाथ, जहां उन्होंने चातुर्मास व्यतीत किया वह श्रावस्ती, जहां उन्होंने कथा श्रवण कराया वह कौशांबी, संकिसा और उनकी महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर। यह सब इसी प्रदेश में हैं। इन स्थलों के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम ने बौद्ध सर्किट की परिकल्पना को साकार किया है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली होने के नाते पूरे विश्व के बौद्ध अनुयायियों के लिए गहरी आस्था व श्रद्धा का केंद्र है।

कुशीनगर से दिल्ली की सीधी उड़ान 26 नवंबर से: ज्योतिरादित्य सिंधिया

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण समारोह में केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 26 नवंबर से दिल्ली-कुशीनगर के लिए सीधी उड़ान सेवा की घोषणा की। उन्होंने बताया कि उड़ान की सेवा हफ्ते में चार दिन मिलेगी। इसके साथ ही 18 दिसंबर से मुंबई के लिए भी यहां से उड़ान शुरू हो जाएगी। कोलकाता के लिए भी सीधी फ्लाइट होगी। इस तरह कुशीनगर देश की राजनीतिक राजधानी और आर्थिक राजधानी से सीधे जुड़ जाएगा।

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, किशन रेड्डी, केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपदयसो नाइक, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं नागरिक विमानन राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी, उत्तर प्रदेश सरकार के नागरिक विमानन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता “नंदी” कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे, विधायक रजनीकांत मणि भी पीएम मोदी के मंच पर मौजूद रहे।

संबंधित समाचार