रामपुर: खतरे के निशान से 7 फिट नीचे आया कोसी नदी का जलस्तर
रामपुर, अमृत विचार। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कोसी का जल स्तर धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। कोसी नदी में जलस्तर खतरे के निशान से 7 फिट नीचे आ गया है। कोसी का जल स्तर घटने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा राहत सामग्री पहुंचाई …
रामपुर, अमृत विचार। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कोसी का जल स्तर धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। कोसी नदी में जलस्तर खतरे के निशान से 7 फिट नीचे आ गया है। कोसी का जल स्तर घटने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
पिछले दो दिनों में कोसी का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया था। जिसके कारण जनपद के करीब 55 गांव चपेट में आ गए थे। लोगों को रेस्क्यू कर बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों से नाव द्वारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने प्राइमरी से माध्यमिक कक्षाओं के बच्चों की गुरुवार की छुट्टी कर दी थी। बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों में लोगों ने अपने मकानों की छतों पर पनाह ली थी। कुछ बाढ़ पीड़ितों को राजकीय रजा इंटर कालेज में बनाए गए आश्रय स्थल में ठहराया गया था।
इसके अलावा तहसीलों के स्कूलों में भी बाढ़ पीड़ित रखे गए थे और भोजन के पैकेट प्रशासन एवं खाद्य सामग्री मोटर बोट के माध्यम से केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने वितरित की थी। लेकिन, गुरुवार की सुबह कोसी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 7 फिट नीचे आने से प्रशासन को खासी राहत मिली है।
गुरुवार को भी केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री बाढ़ प्रभावित ग्राम हकीमगंज पहुंचे और लोगों से मुलाकात कर आश्वासन दिया कि सरकार की ओर किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाया जाएगा। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। इसके अलावा मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने भी बाढ़ प्रभावित ग्राम घाटमपुर का जायजा लिया और बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की।
घरों को वापस होने लगे बाढ़ पीड़ित
कोसी का जल स्तर घटने से बाढ़ का प्रकोप भी कम हुआ है। हालांकि, गांवों और ग्रामीणों के मकानों में पानी भरा हुआ है। लेकिन, जलस्तर घटने के बाद ग्रामीणों ने टैक्टर ट्रालियों के माध्यम से अपने-अपने गांवों का रुख करना शुरु कर दिया। इसके अलावा गांवों में भी दो दिन से फंसे बाढ़ पीड़ित गांवों से निकलकर शहर आए।
जिले में बाढ़ की स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। कोसी नदी में जल स्तर खतरे के निशान से 7 फिट नीचे आ गया है। बाढ़ की स्थिति सामान्य होती जा रही है कोसी का जल स्तर घटने से बाढ़ पीड़ितों को भी काफी राहत मिली है। -सियाराम, अधिशासी अभियंता नहर खण्ड
