बिजनौर : अभद्रता से नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने टोल फ्री कराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/नगीना, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों की कलश यात्रा लेने जा रहे भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों द्वारा अभद्रता करने पर किसान यूनियन ने लगभग एक घंटे के लिए टोल को फ्री कराया। बाद में पुलिस व टोल अधिकारियों के हस्तक्षेप पर मामला निपटाया गया। …

बिजनौर/नगीना, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों की कलश यात्रा लेने जा रहे भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों द्वारा अभद्रता करने पर किसान यूनियन ने लगभग एक घंटे के लिए टोल को फ्री कराया। बाद में पुलिस व टोल अधिकारियों के हस्तक्षेप पर मामला निपटाया गया।

शुक्रवार की दोपहर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता नितिन सिरोही, चौधरी बलजीत सिंह, नरेंद्र सिंह, नमेंद सिंह, खड़क सिंह, वीर सिंह डवास, राजवीर सिंह, सोनू पाल, जगजीत सिंह, सहित दर्जनों कार्यकर्ता नगीना से कलश यात्रा लेने के लिए पुरैनी जा रहे थे। जब किसान यूनियन के कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर पहुंचे तो टोल पर तैनात कर्मचारी टोल मांगने लगे। जिस पर किसान यूनियन के कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने वहीं जाम लगा दिया और टोल को फ्री करा दिया।

जिसकी सूचना टोल चलाने वाले अधिकारियों को मिली तो तुरंत अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं को समझाने लगे लेकिन वह नहीं माने और लगभग एक घंटे तक टोल को फ्री कराए रखा । बाद में मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी कृष्ण मुरारी द्वारा किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं को समझाया गया। जैसे ही कलश यात्रा टोल प्लाजा पर पहुंची तो यूनियन के कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।

जिसके बाद टोल सुचारू रूप से चलाया गया। टोल संचालित करने वाले केशव अग्रवाल ने बताया कि किसान यूनियन के नाम पर तमाम लोग टोल पर आकर उन्हें टोल फ्री करने के लिए जवाब देते हैं जो संभव नहीं है। यूनियन के पदाधिकारियों को बताया गया है कि वह अपने पदाधिकारियों की लिस्ट टोल पर उपलब्ध करा दें ताकि भविष्य में उनको कोई परेशानी ना हो।

थाना प्रभारी कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं द्वारा टोल फ्री कराने की सूचना उन्हें मिली थी। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और यूनियन के कार्यकर्ताओं को समझाया गया और टोल को शुरू करा दिया गया सभी किसान यूनियन के कार्यकर्ता कलश यात्रा के लिए चले गए।

संबंधित समाचार