पीलीभीत: लगातार मिल रही थी शिकायतें, एसपी ने किया लाइन हाजिर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पब्लिक से बीच बाजार अभद्रता से आए दिन चर्चा में रहने वाले शहर कोतवाल मदन मोहन चतुर्वेदी आखिर लाइन हाजिर कर दिए गए। एसपी को इनकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। एसपी दिनेश कुमार प्रभु ने कार्रवाई करते हुए अचानक इन्हें शहर कोतवाली से हटाकर पुलिस लाइन का रास्ता दिखा दिया। अब …

पीलीभीत, अमृत विचार। पब्लिक से बीच बाजार अभद्रता से आए दिन चर्चा में रहने वाले शहर कोतवाल मदन मोहन चतुर्वेदी आखिर लाइन हाजिर कर दिए गए। एसपी को इनकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। एसपी दिनेश कुमार प्रभु ने कार्रवाई करते हुए अचानक इन्हें शहर कोतवाली से हटाकर पुलिस लाइन का रास्ता दिखा दिया। अब अशोक पाल को सदर कोतवाली की कमान सौंपी गई है। एसपी की ओर से अचानक हुई कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

शहर कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी सार्वजनिक रूप से आम जनता से अभद्रता के चलते अक्सर चर्चा में रहते थे। शासन ने जहां रात का कोरोना कफर्यू हटाकर जनता को राहत दी। वहीं शहर कोतवाली प्रभारी मदन मोहन रात में आठ बजते ही रेलवे स्टेशन, जेपी रोड, चौक बाजार, लाल रोड आदि जगहों पर निकलकर दुकानदारों की दुकानें जबरन बंद कराते थे। व्यापारी कोतवाली की इस हरकत से बहुत परेशान थे। कुछ दिन पहले व्यापारियों ने कोतवाल मदन मोहन चतुर्वेदी को हटाने की मांग भी एसपी से की थी। मगर, उस समय एसपी ने उन्हें शहर कोतवाली से नहीं हटाया।

एक दिन पहले जारी कर दिया फरमान
कोतवाल की ओर से शासन की मंशा के विपरीत एक दिन पहले भी जनता के लिए विवादित फरमान जारी कर दिया गया था। इसमें उनके चहेते सिपाही ने गरीब दुकानदारों से इस बात पर अभद्रता करनी शुरू कर दी कि वह रात आठ बजे के बाद दुकानें क्यों खोलते हैं। दरअसल, कोतवाली क्षेत्र में रात में कई जगह खुलेआम जाम छलकते हैं। पुलिस इस पर तो कोई शिकंजा कस नहीं पाई। मगर, आम जनता को वर्दी का रौब झाड़ते हुए अनोखा फरमान जारी कर दिया गया। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाइट कर्फ़्यू खत्म कर दिया। वहीं कोतवाल की ओर से भेजे गए ठेका चौकी के सिपाहियों ने दुकानदारो को रात में दुकान खोलने पर धमकाया।

सिपाही अक्सर कहते थे कि रात आठ बजे तक अपनी दुकानें बंद कर देना। वरना जेल भेज देंगे। एक दुकानदार और सिपाही के बीच इस बात को लेकर नोकझोंक भी हुई। कुछ संभ्रांत लोग बीच में बोले तो सिपाही उन्हें भी धमकाते के अंदाज में गाली गलौज कर आए थे। यह मामला चर्चा में भी रहा था।

पुलिस के व्यवहार के जनता थी परेशान
नवरात्रि से त्योहारी सीजन की शुरुआत हो गयी थी। एसपी दिनेश कुमार प्रभु ने शासन के निर्देश पर पुलिस को अलर्ट किया। थाना प्रभारियों को बिना अनुमति होने वाले आयोजनों पर पैनी निगाह रखने को कहा गया। मगर कोतवाली क्षेत्र में लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। बीते दिनो हुए त्योहारों में पुलिस की सांठगांठ से कई धार्मिक आयोजन बिना अनुमति लिए हो गए। इसकी जानकारी होने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने अपने अफसरों को न सूचना भेजी। न ही अनुमति देने की प्रक्रिया पूरी की। अफसरों के पूछने पर भी कोई तर्कसंगत जवाब उनके पास नहीं था। इसके अलावा कोतवाल पर अभद्रता के कई अन्य आरोप भी थे।

दुकान पर जाकर व्यापारी को धमकाया
कुछ दिन पहले ही एक व्यापार मंडल के अध्यक्ष के पिता की दुकान पर जाकर कोतवाल मदन मोहन चतुर्वेदी ने उनसे अपशब्द कहे थे। इसकी शिकायत भी एसपी से की गई थी। मगर, अफसर तब पुलिस विभाग की साख बचाने को यह मामला दबा गए थे। मगर, उसके बाद लगतार शिकायतें बढ़ने पर एसपी ने मामले का संज्ञान लिया और शुक्रवार को कोतवाल पर गाज गिरा दी।

दलाल की करते थे आवभगत
भले ही मुख्यमंत्री ने थानों में निष्पक्ष कार्रवाई का निर्देश दे रखा हो। मगर कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं आया। ये बात हालांकि अफसर स्वीकार नहीं करते। मगर, इस बात की चर्चा भी हर जगह थी कि एक दलाल की कोतवाल पहुंचने पर खूब आवभगत करते थे। त्योहारों पर जब अलर्ट जारी हुआ तो उसी दलाल की सूचनाओं पर उन्होने अपनी ड्यूटी छोड़ दी।

यह दलाल सुनगढ़ी थाने में भी सक्रिय रहता है। सूत्रों के अनुसार यह दलाल पूरे दिन सुनगढ़ी और कोतवाली में इंस्पेक्टर और दरोगाओं को मनगढ़ंत बातें बताकर अपने मन के काम कराता है। वह ऐसे काम लेकर आता है, जिससे पुलिस की ऊपरी आमदनी बढ़े। इसी दलाल ने तमाम धार्मिक आयोजन पुलिस से सांठगांठ कराकर बिना मजिस्ट्रेट की अनुमति लिए ही करा दिए। इसकी कीमत अब कोतवाल को चुकानी पड़ी। यह दलाल पूर्व में जेल भी जा चुका है।

कोतवाली इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी की आम जनता से अभद्र व्यवहार की लगातार शिकायतें मिल रही थी। तभी उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। – दिनेश कुमार पी, एसपी

संबंधित समाचार