बरेली: फिजा की हुई हत्या या की आत्महत्या, बिसरा रिपोर्ट से सुलझेगी गुत्थी
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर के बिहारकलां में 15 वर्षीय किशोरी का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। मामला गंभीर होने के चलते डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्मट किया, लेकिन मौत की वजह स्पष्ट न होने पर शव का बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। वहीं इज्जतनगर पुलिस का संदेह …
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर के बिहारकलां में 15 वर्षीय किशोरी का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। मामला गंभीर होने के चलते डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्मट किया, लेकिन मौत की वजह स्पष्ट न होने पर शव का बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। वहीं इज्जतनगर पुलिस का संदेह किशोरी के परिजनों पर गहराता दिखाई दे रहा है। पोस्टमार्टम के वक्त भी किशोरी के परिजनों का कुछ भी पता नहीं था।
इज्जतनगर के बिहारकला के रहने वाले इकरार की बेटी फिजा की मौत बुधवार को हुई थी। उसका शव घर में फंदे पर लटका मिला था, जिसके बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। वहीं गुरुवार को फिजा के छोटे भाई अदनान की एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें वह किसी महिला को बता रहा था कि उसके छोटे चाचा ने फिजा को मारकर लटका दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद आईजी के निर्देश पर इज्जतनगर पुलिस ने फिजा के परिजनों का पता लगाकर डीएम से अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
शनिवार को तीन डॉक्टरों के पैनल ने फिजा के शव का पोस्टमार्टम किया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। वहीं पोस्टमार्टम में फिजा की मौत की वजह स्पष्ट न होने से मौत के राज की गुत्थी और भी उलझ गई है। शव का बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस के शक की सुई भी परिजनों की तरफ घूमती दिखाई दे रही है। इज्जतनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर के मुताबिक शव को कब्र से निकालने की सूचना मिलने के बाद से ही फिजा के परिजन घरों में ताला डालकर फरार हो गए थे। तब से लेकर पोस्टमार्टम होने तक उनका कुछ भी पता नहीं था। वहीं पुलिस परिजनों की तलाश में जुट गई है।
कब्र में फूल गया था किशोरी का शव
किशोरी को दफन करने के तीसरे दिन शव को बाहर निकाला गया था। पोस्टमार्टम जानकारों के मुताबिक किशोरी का शव फूलने लगा था। उसके शरीर से खाल भी छुटनी शुरू हो गई थी। इसकी वजह से विशेषज्ञयों को शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम में हत्या या आत्महत्या की पुष्टि न होने पर बिसरा सुरक्षित कर दिया गया है। अब कुछ माह बाद बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सच से पर्दा उठेगा।
