बरेली: बिहार की युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, युवक फरार
बरेली, अमृत विचार। बरेली के एक युवक ने दूसरे राज्य की युवती से पहले फेसबुक पर दोस्ती की और उसके बाद शादी का झांसा देकर हजारों की नगदी व जेवरात के साथ बरेली बुला लिया। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर किराए के कमरे …
बरेली, अमृत विचार। बरेली के एक युवक ने दूसरे राज्य की युवती से पहले फेसबुक पर दोस्ती की और उसके बाद शादी का झांसा देकर हजारों की नगदी व जेवरात के साथ बरेली बुला लिया। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर किराए के कमरे में ठहराकर कहीं फरार हो गया है। युवक परिजनों द्वारा पल्ला झाड़ लेने के बाद युवती ने एसएसपी कार्यालय में मामले की शिकायत की है।
बिहार के गया की रहने वाली युवती ने बताया कि करीब एक साल पहले 20 सितंबर 2020 को कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से उसकी फेसबुक पर जान-पहचान हुई थी। बातचीत में युवक ने खुद को कुतुबखाना स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान का सेल्समेन बताया था। फेसबुक पर ही बातों का सिलसिला शुरू हुआ तो कुछ ही दिनों में दोनों में नंबरों की अदला-बदली हो गई। फोन की बातचीत जल्द ही इश्क में तब्दील हो गई।
इश्क परवान चढ़ा तो प्रेमी ने फोन पर ही युवती से शादी करने की इच्छा जाहिर की। युवती के हामी भरने पर युवक ने उसे बिहार से बरेली बुलाया और युवती को लखनऊ से लेने के लिए भी पहुंचा। युवती का आरोप है कि युवक पहले युवती को प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली अपनी बुआ के घर लेकर गया और करीब तीन दिनों तक वहां रखकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसी इलाके में एक किराए का कमरा लेकर उसके साथ रहने लगा और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा।
युवती ने बताया कि घर से आते समय वह अपने साथ करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत के जेवरात व 40 हजार रुपये की नगदी भी लेकर आई थी। बरेली आते ही युवक ने वह सब भी अपने कब्जे में ले लिया। कुछ दिनों तक युवती के साथ रहने के बाद आरोप है कि युवक जेवरात व नगदी लेकर 17 अक्टूबर से फरार है।
बताया कि युवक के वापस न आने पर जब युवती उसके बताए घर के पते पर पहुंची तो युवक के परिजनों ने युवक को बेदखल करने की बात कहते हुए युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। इसके बाद से ही युवती ने कोतवाली थाने में भी शिकायत की लेकिन आरोप है कि वहां भी महिला अधिकारी ने उसकी एक न सुनी और थाने से वापस भेज दिया।
