बरेली: तकनीक ने मिटा दी दूरी, वीडियो कॉल पर होगा ‘चांद’ का दीदार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिवांग पांडेय, बरेली, अमृत विचार। सीमा पर तैनात सैनिकों से उनकी पत्नियां भले ही दूर हैं लेकिन तकनीक ने उनकी दूरियों को खत्म कर दिया है। सैनिकों की पत्नियां करवाचौथ पर अपने पतियों का दीदार वीडियो कॉल से करेंगी। करवाचौथ हिन्दुओं का ऐसा त्यौहार है जहां पत्नियां चांद निकलने पर अपने पति के चेहरे का …

शिवांग पांडेय, बरेली, अमृत विचार। सीमा पर तैनात सैनिकों से उनकी पत्नियां भले ही दूर हैं लेकिन तकनीक ने उनकी दूरियों को खत्म कर दिया है। सैनिकों की पत्नियां करवाचौथ पर अपने पतियों का दीदार वीडियो कॉल से करेंगी। करवाचौथ हिन्दुओं का ऐसा त्यौहार है जहां पत्नियां चांद निकलने पर अपने पति के चेहरे का दीदार कर उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना करती हैं। सैनिकों की पत्नियों के अनुसार इस बार भी उनके आने की संभावना न के बराबर ही लग रही है। कोई कश्मीर घाटियों में तो कोई नक्सली क्षेत्र में सीमा की रक्षा कर रहा है। ऐसे में तकनीकी के इस युग में अधिकतर पत्नियां वीडियो कॉलिंग कर अपने-अपने पतियों का साक्षात दीदार कर करवाचौथ का व्रत पूरा कर खोलेंगी।

पार्क एवेन्यू प्राइम कॉलोनी निवासी गीतारानी निराला ने बताया कि उनके पति राजकुमार निराला अर्द्धसैनिक बल में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में है। उन्होंने बताया कि उनकी शादी को 29 साल हो गए। तकनीक ने हम दोनों की दूरियों को कम तो किया, लेकिन ये काफी नहीं। आम दिनों में नेटवर्क की समस्या के चलते सामान्य बात भी कुछ देर ही हो पाती। इस बार वीडियोकॉलिंग पर उनकी लंबी उम्र की कामना करूंगी।

सुभाष नगर निवासी रश्मि शर्मा ने बताया कि उनके पति कुमार वैभव शर्मा भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट में कार्यरत है। वर्तमान में उनकी तैनाती पंजाब के फिरोजपुर में है। उन्होंने बताया कि उनकी शादी को 15 साल हो गए है। पति की सलामती व लंबी उम्र के लिए वीडियो कॉल के माध्यम से ही व्रत खोलेंगी। उन्होंने अपने पति के बारे में गर्व से बताते हुए कहा कि हम वे महिलाएं हैं जिनके पति देश की सेना के लिए रात दिन सीमा पर तैनात रहते हैं ताकि देश की अन्य महिलाओं का सुहाग सदा अमर रहे।

बरेली इंटरनेशनल सिटी निवासी इंद्रा चौधरी ने बताया कि उनके पति भारतीय सेना में कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। उन्होंने बताया कि तीन-चार बार ही ऐसा अवसर रहा होगा जब उनके पति करवाचौथ पर उनके साथ थे। इस बार भी छुट्टी न मिलने के कारण वह अपना व्रत उनके हाथों से नहीं खोल पाएंगी।

शाम को ड्यूटी से छुट्टी होने पर वीडियो कॉल करेंगे। पहले तो उन्हें फोटो देखकर व्रत खोलना पड़ता था परंतु टेक्नोलॉजी के इस युग में अब दूर बैठा व्यक्ति भी पास लगता है। चांद दिखने पर वीडियो कॉल के जरिए व्रत खोलेंगे और बात भी होगी।

संबंधित समाचार