किसानों को तबाह करने पर तुली भाजपा सरकार : अखिलेश
लखनऊ। सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किसानों के मसले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को तबाह करने पर तुली है। एक तो पहले ही किसान भारी बारिश और आपदा के कारण धान की फसल गंवा चुका है। ऊपर से उसे अपना धान हजार और 1100 …
लखनऊ। सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किसानों के मसले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को तबाह करने पर तुली है। एक तो पहले ही किसान भारी बारिश और आपदा के कारण धान की फसल गंवा चुका है। ऊपर से उसे अपना धान हजार और 1100 रुपये प्रति कुंतल बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। जबकि सरकार उसके नुकसान में कोई मदद नहीं कर रही है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने किसान की आय तो दुगनी की नहीं, किसान को कर्ज और परेशानी में और डाल दिया है। अगली फसल की तैयारी के लिए वह खाद के लिए मारा-मारा फिर रहा है। डबल इंजन सरकार इसे उपलब्ध नहीं करा रही है। भाजपा सरकार को किसान की जिंदगी से कुछ लेना देना नहीं है। उसकी किसान हित की बातें थोथी और झूठ के अलावा कुछ नहीं है। ये संवेदनहीनता की हद है कि खाद के लिए किसान घंटों नहीं, कई-कई दिन लाइन लगाने को मजबूर हैं लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही है।
प्रदेश में जितनी उर्वरक की जरूरत है उतनी किसानों को नहीं मिल रही है। प्रदेश के तमाम जनपदों में खाद को लेकर हाहाकार मचा हुआ हैं पर सरकार कान में तेल डाले है। भाजपा पूंजी घरानों की संरक्षक पार्टी है। उसे अब लग रहा है कि बढ़ते जनाक्रोश के चलते उसकी सत्ता में दोबारा वापसी नहीं होने वाली है। इसलिए वह किसानों को पूरी तरह हाशिये पर रख रही है। किसान आंदोलन तोड़ने के लिए किसानों पर लाठियां चलवाई, टायर तले कुचलवाया। अब किसान ही इसे सत्ता से बेदखल करेगा।
महिला सभा की कार्यकारिणी घोषित
लखनऊ समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती जूही सिंह ने अपनी 45 सदस्यीय की पहली सूची जारी कर दी है। जिसमें निधी यादव, श्रेया वर्मा को उपाध्यक्ष, रचना सिंह यादव एवं समीना खालिद को महासचिव बनाया है। 22 सचिव पद पर जेबा रिजवान जहीर, अम्बेश कुमारी, निशा शर्मा, कृष्णा सिंह, राधा यादव, डाॅ. सीमा सिंह पटेल, मीणा तिवारी, जाह्नवी यादव, दीपा यादव, अनीता राकेश पासी, कृति कोल, सय्यद जरीन, सुनीता सिंह, रीना सुभाष पासी, प्रतिभा सिंह, प्रीति सिंह रावत, निशा शर्मा, जेबा यास्मीन, सीमा प्रधान, राजेश कुमारी यादव, शाहिस्ता परवीन, आशालता सिंह, चमन आरा तथा 19 सदस्य भी नामित किए हैं।
पूर्व विधायक के बेटे सपा में
रविवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने बस्ती के ब्लाक प्रमुख बहादुरपुर राम कुमार, रायबरेली से पूर्व विधायक शिव गणेश लोधी के पुत्र राहुल लोधी, रामऔतार, अजय कुमार शुक्ल, उमाशंकर लोधी, राजेश कुमार त्रिपाठी आदि ने अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ली। इसके अलावा रायबरेली में कॉलेज के प्रबंधक डाॅ. शशिकान्त शर्मा, डाॅ. अरूण चैधरी, डाॅ. एसके पाण्डेय, डाॅ. नीरज सिंह, शीला सिंह, अजीत चौधरी कन्नौजिया, मो. असद, अमरजीत सिंह,महाराजगंज से जिला पंचायत सदस्य राहुल विश्वकर्मा भी सपा में शामिल हुए।
भाजपा ने नहीं पूरा किया कोई वादा : नंदा
सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त बीजेपी ने कोई एक भी वादा पूरा नहीं किया। सपा शासन के दौरान हुए विकास कार्यो को अपना बताया, उनका नाम बदला। यूपी पूरे देश की धड़कन है, यहां के लोग किसान खुशहाल होंगे तो समूचा देश तरक्की करेगा। इस धोखे बाज सरकार को हटाना है। यह विचार उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं की बैठक में व्यक्त किए। इस दौरान युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवमूर्ति राना, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण सैनी, जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव, महासचिव अंसार महमूद, शेखर यादव, राम कुमार यादव आदि थे।
राजभर की महापंचायत में अखिलेश मुख्य अतिथि
27 अक्टूबर को मऊ में होने वाली भागीदारी महापंचायत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव मुख्य अतिथि होंगे। अखिलेश की सहमति के बाद महापंचायत का आयोजन कर रही सुभासपा ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जहां सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर करेंगे, वहीं अखिलेश मुख्य अतिथि होंगे। महापंचायत में भागीदारी मोर्चा से जुड़े कई दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
