पीलीभीत: किरनमय नंदा बोले- भाजपा ने इतिहास बदला, अब जनता सरकार बदलेगी
अमृत विचार, पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई, तब से भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका। महिला, किसान, अल्पसंख्यक सभी पर अत्याचार हो रहा है। सरकार इतिहास बदलने का काम कर रही है। मगर, अब जनता मन बना चुकी है, वह सरकार …
अमृत विचार, पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई, तब से भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका। महिला, किसान, अल्पसंख्यक सभी पर अत्याचार हो रहा है। सरकार इतिहास बदलने का काम कर रही है। मगर, अब जनता मन बना चुकी है, वह सरकार ही बदल देगी। संगठन की समीक्षा करने के बाद उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही यह दावा किया कि आने वाले चुनाव में पूर्ण बहुमत से सपा सत्ता पर काबिज होगी।
शहर के एक होटल में मंगलवार दोपहर हुई प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि वह संगठन की समीक्षा करने आए थे। टिकट घोषणा को लेकर बोले कि इसकी घोषणा जल्द राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से कर दी जाएगी। जो भी प्रत्याशी होगा वह सपा का होगा, उसे मिलकर कार्यकर्ता लड़ाएंगे। किसानों के मुद्दे पर कहा कि सपा हमेशा से किसानों की पार्टी रही है। उसने हमेशा किसान के हित को ध्यान में रखकर लाभान्वित किया। मगर, भाजपा पूरी तरह से फेल रही है। भाजपा ने चुना वक्त फसल का दोगुना दाम देने का वादा तो कर दिया। मगर, साढ़े चार साल में उसकी आधा कीमत भी नहीं दे सकी।
बाढ़ से किसान बर्बाद हो गया। कागजी और हवाई सर्वे चल रहा है। किसान के पास धरातल पर कोई अफसर-कर्मचारी सर्वे के लिए नहीं पहुंच रहा। कांग्रेस पर भी खूब निशाना साधा। प्रियंका गांधी को लेकर बोले कि अभी तक तो वह उत्तर प्रदेश में नहीं दिख रही थी। कांग्रेस का वजूद पूरे प्रदेश में खत्म हो चुका है।
सपा 2012 में जब पूर्ण बहुमत में आई थी, उस वक्त से बेहतर माहौल अब बन चुका है। शिवपाल यादव की वापसी को लेकर भी खुलकर कहा। उन्होंने कहा कि कि राजनीति में पिता पुत्र, चाचा-भतीजा को लेकर सवाल नहीं होता। ओवैसी क्यों आए हैं, ये वहीं जानते होंगे। हम तो यही कहेंगे कि सपा की जीत और भाजपा को हराने के लिए काम करिए। छोटे दलों से गठबंधन होने की भी बात कही।
जिलाध्यक्ष की सराहना, चारों सीट जीतने का दावा
गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह संगठन की समीक्षा करने ही आए थे। अब कोई गुटबाजी नहीं है। जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा की सराहना की। कहा कि इसका असर आगामी चुनाव में तब दिखेगा जब जिले की चारों विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशी जीतेगा। संगठन की मजबूती पर लगातार काम चल रहा है।
वरुण गांधी जनता से मिले वोट का फर्ज निभा रहे
भाजपा सांसद वरुण गांधी इन दिनों लगातार किसानों की समस्याओं को उठाते हुए सरकार को चिट्ठी लिख रहे हैं। कई ट्वीट भी कर चुके हैं। इस पर भी सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने बात की। कहा कि सांसद वरुण गांधी जानते हैं कि उन्हें जनता ने वोट देकर अपना नेता चुना है। अब जब सरकार से उसी जनता की दिक्कतें दूर नहीं हो पा रही है। तो वह जनता से मिले वोट का फर्ज निभा रहे हैं। ये भी कह दिया कि अगर वह सपा में आना चाहेंगे तो उनका स्वागत है।
यह भी पढ़े-
बरेली: बिग बॉस में ईशान की हरकतों से बरेली के लोग नाखुश, घट रही फैन फॉलोइंग
