बरेली: टिकट चेकिंग स्टाफ और सिपाही के बीच मारपीट का वीडियो वायरल
बरेली, अमृत विचार। मंगलवार को बरेली जंक्शन का प्लेटफार्म नंबर दो एक पुलिस कर्मी और टिकिट चेकिंग स्टाफ के बीच मारपीट का अखाड़ा बन गया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी मुरादाबाद जाने के लिए बिना टिकट के ही ट्रेन में चढ़ने पहुंचा था। टिकट मांगने और जुर्माने की बात पर विवाद इतना बढ़ा कि …
बरेली, अमृत विचार। मंगलवार को बरेली जंक्शन का प्लेटफार्म नंबर दो एक पुलिस कर्मी और टिकिट चेकिंग स्टाफ के बीच मारपीट का अखाड़ा बन गया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी मुरादाबाद जाने के लिए बिना टिकट के ही ट्रेन में चढ़ने पहुंचा था। टिकट मांगने और जुर्माने की बात पर विवाद इतना बढ़ा कि सिपाही टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ बदसलूकी करने लगा। गुस्साए टीटीई और सीआइटी ने उसका वीडियो बनाना शुरु किया तो पुलिसकर्मी ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। सीआईटी लाइन ने पूरे मामले की तहरीर आरपीएफ को दी है।
पूरा मामला 04287 गरीब रथ एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़े रहने के दौरान का है। यह ट्रेन 9:25 बजे जंक्शन पर पहुंचती है। सीआईटी लाइन टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ प्लेटफार्म नंबर दो पर थे। गरीब रथ स्पेशल में बिना टिकट चढ़ रहे एक सिपाही को रोक लिया गया। सिपाही भागने लगा तो उसे पकड़ने के साथ जमकर पीट दिया गया। इस गुत्थम-गुत्था में सिपाही की वर्दी तक फट गई। पूरी घटना का वीडियो भी सीसीटीवी में कैद हो गया है।
घटना के आरपीएफ और जीआरपी ने सिपाही को पीटने की बजाए मेमो देने की बात कही। ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उधर जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अमीराम सिंह ने बताया कि जिस सिपाही की पिटाई हुई है उसके बारे में पता नहीं चल पाया है। हालांकि कहा जा रहा है कि सिपाही बरेली से मुरादाबाद के लिए रोजाना सफर करता है। बरेली जंक्शन के सीआइटी लाइन भावेश शर्मा का कहना है कि पुलिसकर्मी के अपशब्दों का प्रयोग कर रहा था उसके पास टिकट भी नहीं था। पूरे मामले से मंडल के आला अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
पुलिसकर्मी बिना टिकट यात्रा कर रहा था। टिकट मांगने पर मारपीट कर रहा था। दोनो पक्षों की तरफ से मारपीट हुई है। किसी को भी मारपीट नहीं करनी चाहिए थी। गलती किसकी है इसकी जांच कर रहे हैं। -सुधीर सिंह, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद मंडल
