बरेली: केंद्रीय विद्यालय ने जीत के साथ किया क्वार्टर फाइनल में प्रवेश
बरेली, अमृत विचार। श्री राम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल और केंद्रीय विद्यालय एयर फोर्स स्कूल के बीच नॉकआउट मैच हुआ। केंद्रीय विद्यालय की टीम ने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा मैच जेपीएम स्कूल और इस्लामियां इंटर कॉलेज के बीच होना था लेकिन इस्लामियां …
बरेली, अमृत विचार। श्री राम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल और केंद्रीय विद्यालय एयर फोर्स स्कूल के बीच नॉकआउट मैच हुआ। केंद्रीय विद्यालय की टीम ने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा मैच जेपीएम स्कूल और इस्लामियां इंटर कॉलेज के बीच होना था लेकिन इस्लामियां इंटर कॉलेज की टीम समय पर नहीं पहुंची जिस कारण जेपीएम स्कूल को विजेता घोषित किया गया। केंद्रीय विद्यालय के कप्तान अंकित कुमार को एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव व टूर्नामेंट आयोजन समिति के संरक्षक आदित्य मूर्ति ने शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी दी।
पहले मैच में टॉस जीतकर सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआती ओवर्स में एक के बाद एक विकेट गिरने से सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल की टीम 88 रन के बेहद छोटे स्कोर पर ऑल आउट हो गई। केंद्रीय विद्यालय की टीम के कप्तान अंकित कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में 13 रन देकर 3 विकेट झटके। गेंदबाजी में उनका साथ देते हुए विश्वदीप बौद्ध ने 2.1 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए केंद्रीय विद्यालय के बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। कप्तान अंकित कुमार ने 22 रन की तूफानी पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। मिडिल आर्डर बल्लेबाज मयंक मौर्य ने 24 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को मैच जिताया। केंद्रीय विद्यालय की टीम ने 13.1 ओवर में 90 रन बनाकर मैच को 6 विकेट से जीत लिया। मैच में अम्पायरिंग की जिम्मेदारी मो. फैजान और अजय गुप्ता ने निभाई।
