बरेली: प्रसपा सत्ता में आएगी तो मुफ्त मिलेगी 300 यूनिट बिजली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन यात्रा लेकर निकले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बरेली पहुंचने पर कई लोक लुभावनी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रसपा के सत्ता में आने पर हर घर को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। परिवार के एक सदस्य चाहें वह बेटा हो …

बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन यात्रा लेकर निकले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बरेली पहुंचने पर कई लोक लुभावनी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रसपा के सत्ता में आने पर हर घर को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। परिवार के एक सदस्य चाहें वह बेटा हो या बेटी, उसे सरकारी नौकरी दी जाएगी। शिक्षित प्रशिक्षित बेरोजगारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी मिलेगी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रसपा की बरेली में यह पहली बड़ी सभा ने चुनावी माहौल को हवा दे दी है।

कई जिलों से होकर फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर होते हुए प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में सामाजिक परिवर्तन यात्रा के नरियावल पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। कार्यक्रम में शिवपाल सिंह यादव ने जनसभा के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बोले-भाजपा सरकार से प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता त्रस्त हो चुकी है। भाजपा कह रही है कि विकास हो रहा है, जबकि हकीकत यह है कि आज का बेरोजगार युवा, गरीब किसान कर्ज और महंगाई से आजिज होकर खुदकुशी कर रहा है।

महिला अपराध के आंकड़े आसमान छू रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले-भाजपा ने पांच साल पहले चुनाव के समय जो वादे किए थे। उनमें से एक भी अब तक पूरा नहीं हुआ। चाहे विदेशों से कालाधन वापस लाने की बात हो या फिर हर एक के खाते में 15 लाख रुपये भेजने की घोषणा। भ्रष्टाचार कम होने के बजाय और बढ़ा है। किसी दफ्तर में बगैर रिश्वत के काम नहीं हो रहा। चाय और दावत तक में जीएसटी के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई का टैक्स वसूल हो रहा है।

डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की महंगाई ने आम आदमी की कमरतोड़ दी है। अब प्रदेश से भाजपा सरकार का सूपड़ा साफ करना जरूरी है। इसलिए परिवर्तन रथ यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा को समर्थन मिल रहा है। जाहिर है कि जनता प्रदेश में सत्ता परिवर्तन चाहती है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि उनका लंबा राजनीतिक जीवन रहा है। निचले स्तर से काम किया है तो जनता की समस्याओं से अच्छी तरह वाकिफ हैं।

इसलिए जनता की लड़ाई लड़ने के लिए फिर से सक्रिय राजनीतिक जीवन चुना है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाल लोधी, प्रदेश प्रमुख महासचिव अभिषेक सिंह आसू, प्रदेश उपाध्यक्ष फरहत मियां, जिलाध्यक्ष मलखान यादव, महानगर अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद खालिद, पार्टी प्रवक्ता डॉ. रविंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शिवपाल के बेटे आदित्य ने भी मिलाया पिता के कंधे से कंधा
शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव भी अपने पिता के साथ सामाजिक परिवर्तन यात्रा के खास अगुवाकार रहे। जनसभा में प्रसपा में राष्ट्रीय महासचिव का दायित्व संभाल रहे आदित्य यादव ने मंच पर दमखम दिखाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि जिस प्रदेश में किसानों को एक बड़े मंत्री के बेटे की कार रौंदते हुए निकल जाती है, वहां किसान हित तो दूर उसकी सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

वीरपाल को बिथरी चैनपुर से घोषित किया प्रत्याशी
पूर्व सांसद रहे वीरपाल सिंह यादव को इस बार विधानसभा चुनाव में बिथरी चैनपुर सीट से प्रसपा का प्रत्याशी घोषित किया है। जनसभा के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भरे मंच पर वीरपाल सिंह का हाथ उठाकर पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले फरीदपुर में कार्यक्रम के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रसेन सागर को प्रत्याशी घोषित किया है। बाकी सीटों पर अभी प्रत्याशियों के नाम नहीं उजागर हुए हैं।

छुटभैया नेताओं ने भी संभाला खूब मंच
शिवपाल सिंह यादव की परिवर्तन यात्रा दोपहर 3 बजे तक पहुंचनी थी लेकिन निर्धारित कार्यक्रम से करीब 3 घंटा विलंब से यात्रा पहुंची। इस दौरान मंचासीन छुटभैया नेताओं को भी बोलने का खूब मौका मिला। यह बात अलग थी कि एक नेता जी जल्दबाजी में एक दूसरी पार्टी की जय कहकर चले गए।

कृष्णनगरी से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा
नरियावल में जनसभा में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा का तख्ता पलट करने के लिए सामाजिक परिवर्तन यात्रा कृष्ण की नगरी मथुरा से निकली है, जो आगरा, फिरोजबाद, इटावा, औरेया, कानपुर से बुंदेलखंड के कई जिलों से होती हुई बरेली पहुंची है। यह परिवर्तन यात्रा दूसरे बाकी जिलों में भी जाएगी।

रात में बरेली ही ठहरी यात्रा
देर शाम बरेली पहुंची सामाजिक परिवर्तन यात्रा का सेटेलाइट पर भी भव्य स्वागत हुआ। पीलीभीत बाईपास पर यह यात्रा गोल्डन फार्म पर विश्राम के लिए रुकी। बुधवार 9.30 बजे शिवपाल यादव पत्रकार वार्ता करेंगे। इसके बाद उनकी यात्रा रामपुर की ओर रवाना होगी।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

गंगाराम की मौत पर रोया पूरा गाँव, नहीं जला घर का चूल्हा, 130 सालों तक तालाब में रहने की क्या है कहानी; NCERT के पाठ्यक्रम में शामिल
NEET विवाद पर छात्रों के समर्थन में आए वरुण धवन और नोरा फतेही, बोले- हर छात्र निष्पक्ष और भरोसेमंद व्यवस्था का हकदार
Parliament Monsoon Session Day 5: लोकसभा की कार्यवाही 27 जुलाई तक स्थगित, किरण रिजिजू बोले- NEET पर चर्चा जरूरी, देश को सही संदेश जाना चाहिए
''छात्रों को धमकाने की हिम्मत कैसे हुई?'' , राहुल गांधी का सरकार पर हमला, कहा- छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकारों से नहीं डराया जा सकता
लखनऊ में IGRS शिकायतों पर बड़ा एक्शन: 60% शिकायतकर्ता असंतुष्ट, डीएम ने 25 अधिकारियों का जून का वेतन रोका