मुरादाबाद : कर्मचारी को हिरासत में लेने पर जिला अस्पताल के स्टाफ ने सिविल लाइंस थाने में किया हंगामा
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला मरीज द्वारा लगाए गए आरोप के आधार पर पुलिस द्वारा कर्मचारी को हिरासत में लेने के बाद अस्पताल स्टाफ भड़क गया और सभी लोग इकट्ठा होकर सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। इसके बाद सभी ने जमकर हंगामा किया। हंगामा होता देख पुलिस ने हिरासत में लिए कर्मचारी को छोड़ दिया। बुधवार …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला मरीज द्वारा लगाए गए आरोप के आधार पर पुलिस द्वारा कर्मचारी को हिरासत में लेने के बाद अस्पताल स्टाफ भड़क गया और सभी लोग इकट्ठा होकर सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। इसके बाद सभी ने जमकर हंगामा किया। हंगामा होता देख पुलिस ने हिरासत में लिए कर्मचारी को छोड़ दिया।
बुधवार की सुबह एक महिला जिला अस्पताल में एक्सरे कराने आई थी। इसी बीच महिला ने एक्स-रे विभाग में तैनात कर्मचारी अरविंद पर बदतमीजी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा होने पर अस्पताल के स्टाफ में महिला को वहां से भगा दिया। जिसके बाद महिला सिविल लाइंस थाने पहुंची और कर्मचारी के खिलाफ शिकायत की।
महिला की शिकायत पर 2 पुलिस कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंचे और एक्स-रे रूम में मौजूद कर्मचारी अरविंद को हिरासत में लेकर थाने ले गए। इसकी जानकारी जब अस्पताल स्टाफ को हुई तो सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी इकट्ठा होकर थाने पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने हंगामा कर रहे कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माने और कर्मचारी को छोड़ने की जिद पर अड़े रहे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने हिरासत में लिए कर्मचारी को छोड़ दिया। जिसके बाद अस्पताल का स्टाफ शांत हुआ।
