सांसद नहीं दीदी होने के नाते कराया सलोन का विकासः स्मृति जुबिन ईरानी
रायबरेली। जिले में बुधवार को सलोन विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर सांसद स्मृति जुबिन ईरानी पहुंचीं। यहां उन्होंने क्षेत्र के लोगों को परिवार का दर्जा देते हुए खुद को दीदी बताकर विकास कार्य कराने की बात कही। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने ग्राम सभा ममुनी, धरई में चौपाल लगाई। इस दौरान भारी भीड़ …
रायबरेली। जिले में बुधवार को सलोन विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर सांसद स्मृति जुबिन ईरानी पहुंचीं। यहां उन्होंने क्षेत्र के लोगों को परिवार का दर्जा देते हुए खुद को दीदी बताकर विकास कार्य कराने की बात कही। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने ग्राम सभा ममुनी, धरई में चौपाल लगाई। इस दौरान भारी भीड़ इकठ्ठा हुई।
ऐसे में केंद्रीय मंत्री ने लोगों के साथ अपनत्व का नाता जोड़ा। केंद्रीय मंत्री ईरानी ने ममुनी गांव में कराए गए 90 लाख रुपए के विकास कार्यों को बताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वादा किया था कि विकास कार्य कराने के बाद आप सब के बीच लौटूंगी। साथ ही कहा था कि ग्राम सभा में खड़ंजा हैंडपंप, इंटर लॉकिंग सड़क निर्माण कराऊंगी। ऐसे में आप के बीच विकास कार्यों को कराकर उपस्थित हूं। यह काम मैंने सांसद के तौर पर नहीं आपकी दीदी होने के नाते किया है। उन्होंने सरकारी कागज दिखाते हुए कहा कि कुछ लोगों को लगेगा कि काम कहां हुआ है तो यह कागज मेरे पास है। पूरे प्रमाण के साथ यह कागज और वीडियोग्राफी है जो यह प्रमाणित करती है कि विकास कार्य हुआ है।

केंद्रीय मंत्री ने रायबरेली की सांसद सोनिया गांधी का नाम लिए बगैर तंज कसा और कहा कि जनपद एक है, लेकिन सांसद दो हैं। सामने वाले लोगों से पूछो की आपकी सांसद आपके क्षेत्र में दिखी है तो चुप हो जाएंगे। किस घर से किस घर तक खड़ंजा बना, इसकी जानकारी उनके सांसद को नहीं है। इसके अलावा कहा कि सलोन वासी बड़े गर्व के साथ कह सकते हैं कि सांसद स्मृति ईरानी विकास कार्यों का लेखा-जोखा दे सकती हैं और बराबर अपने संसदीय क्षेत्रों में जनता जे सुख-दुख में आती जाती रहती हैं।
सांसद स्मृति ने आगे कहा कि आज दीदी अपने परिवार आकर कह रहीं हैं कि दो वर्षों में जितना काम किया है और आने वाले दिनों में भी आपके बीच विकास कार्य करती रहूंगी। इसके पहले उन्होंने पूर्व सैनिकों और आशा बहुओं को फूल माला पहना कर उनका सम्मान किया। अंत में दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि इस दीपावली में दो दिए आपसब अपने घरों में जलाना। एक उनके लिए जो देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए हैं, और एक उनके लिए जो शरहद पर भारत माता की रक्षा के लिए सीमा पर डटे हुए हैं।
ममुनी में पंचायत भवन का किया उदघाटन
केंद्रीय मंत्री ने ममुनी गांव में नव निर्मित पंचायत भवन का उदघाटन किया तथा प्राथमिक स्कूल ममुनी पहुंचकर बच्चों से शिक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। बच्चों से केंद्रीय मंत्री ने सवाल भी किए तथा मन लगाकर पढ़ने को कहा।
शिविर में 319 करोड़ की दी गई वित्तीय सहायता
वित्तीय सेवाएं विभाग भारत सरकार की पहल पर देश भर में चलाए जा रहे साख संपर्क अभियान (credit outreach) के अंतर्गत विशेष शिविर सलोन में स्थित बटोही में आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री व सांसद स्मृति जुबिन ईरानी ने किया। केंद्रीय मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में सभी बैंकों के साथ भारत सरकार , उत्तर प्रदेश सरकार के विभागों के स्टॉल के साथ-साथ कोविड वैक्सीनेशन, आधार रजिस्ट्रेशन और मोबाइल एटीएम समेत 42 स्टॉल लगाए गए। इस अवसर पर ट्रैक्टर और कार विक्रेताओं ने भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।

शिविर में आने वाले ग्राहकों को वित्तीय साक्षरता देने के लिए कठपुतली और जादू शो भी किया गया। वहीं, कार्यक्रम के जरिए सभी बैंकों की ओर से 8 हजार 892 लाभार्थियों को 319 करोड़ की वित्तीय सहायता दी गई। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने खुद वित्तीय सहायता का प्रमाण पत्र दिया। कार्यक्रम में मुंबई से बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यकारी निदेशक अजय के खुराना, उत्तर प्रदेश राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति के समन्वयक और बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, बड़ौदा उत्तर प्रदेश बैंक के चेयरमैन देवेंद्रपाल ग्रोवर के साथ कई बैंकों के वरिष्ठ कार्यपालकों ने भाग लिया।
