बिजनौर : मंदिर तोड़ने पहुंची जेसीबी को रोक ग्रामीणों ने किया हंगामा
बिजनौर,अमृत विचार। राजमार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सड़क किनारे स्थित मंदिर को तोड़ने पहुंची जेसीबी मशीन को ग्रामीणों ने रुकवा दिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर को तोड़े जाने का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी प्रकार समझा-बुझाकर उन्हें शांत करवाया। बिजनौर से कोतवाली देहात तक हाईवे निर्माण का काम …
बिजनौर,अमृत विचार। राजमार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सड़क किनारे स्थित मंदिर को तोड़ने पहुंची जेसीबी मशीन को ग्रामीणों ने रुकवा दिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर को तोड़े जाने का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी प्रकार समझा-बुझाकर उन्हें शांत करवाया।

बिजनौर से कोतवाली देहात तक हाईवे निर्माण का काम चल रहा है। सड़क के दोनों ओर पेड़ काटे जा रहे हैं तथा अतिक्रमण हटाया जा रहा है। बुधवार को राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण निगम (एनएचएआई) तथा राजस्व विभाग के अधिकारी नगीना-बिजनौर मार्ग पर शादीपुर बिजली घर के निकट स्थित बड़िया के मंदिर पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि हाईवे निर्माण के लिए मंदिर को तोड़ने का आदेश जारी हुआ है।
मंदिर के पुजारी बिहारी दास ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिस पर क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीण मंदिर पर पहुंच गए। उन्होंने मंदिर तोड़े जाने का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अधिकारियों ने उन्हें शांत करने का काफी प्रयास किया। लेकिन, वे शांत नहीं हुए तथा जेसीबी मशीन को रोक दिया। उनका कहना था कि जिस पेड़ के नीचे मंदिर का निर्माण किया गया है, वह लगभग 400 वर्ष पुराना है। यह स्थल लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए इसे नहीं तोड़ा जाना चाहिए।
सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार अजय कुमार तथा एनएचएआई के अधिकारियों ने दो दिन काम बंद रखने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस मामले से जिलाधिकारी को अवगत कराएंगे तथा मंदिर को टूटने नहीं देंगे। इस दौरान सीओ सुमित शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक हरीश चंद्र जोशी, चौकी प्रभारी महेश मलिक, रविंद्र सिंह, धूम सिंह कश्यप, नीरज मौर्य, अतुल कुमार, रिंपल सिंह, दिनेश मौर्य, प्रशांत मौर्य आदि उपस्थित रहे।
