बरेली: सेवानिवृत्त सीओ की पत्नी के मकान पर कब्जा, छह पर रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। सेवानिवृत्त सीओ के साले ने उनकी पत्नी के जीवित रहते हुए धोखाधड़ी करके उनके मकान पर कब्जा कर लिया। महिला की मौत के बाद जब सीओ मकान को बेटे के नाम कराने पहुंचे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। अब विरोध पर आरोपी उन्हें धमका रहे हैं। रामपुर गार्डन निवासी सीएल शर्मा सीओ …
बरेली, अमृत विचार। सेवानिवृत्त सीओ के साले ने उनकी पत्नी के जीवित रहते हुए धोखाधड़ी करके उनके मकान पर कब्जा कर लिया। महिला की मौत के बाद जब सीओ मकान को बेटे के नाम कराने पहुंचे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। अब विरोध पर आरोपी उन्हें धमका रहे हैं। रामपुर गार्डन निवासी सीएल शर्मा सीओ के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद अपने बेटे और बहू के साथ ही रहते हैं। उन्होंने बताया कि साल 1994 में उनकी पत्नी सुमित्रा शर्मा और उनकी साली लक्ष्मी देवी ने मिलकर सुभाषनगर स्थित तपेश्वरनाथ मंदिर के पास 310 वर्गगज में बना एक मकान खरीदा था।
करीब एक साल बाद साल 1995 में उनकी पत्नी द्वारा मकान का 126 वर्ग गज हिस्सा सुभाषनगर की ही रहने वाली कांती सोलंकी को बेच दिया गया था। बकाया 184 वर्ग गज के हिस्से का वारिस उन्होंने अपने बेट पराग को बनाया था। आरोप है कि 9 मई 2017 को उनकी साली लक्ष्मी और 9 मई 2021 को उनकी पत्नी सुमित्रा की मौत हो गई थी।
पत्नी की मौत के बाद बेटे के नाम पर मकान कराने की प्रक्रिया के लिए सीएल शर्मा ने जब नगर-निगम कार्यालय पहंचे तो उन्हें पता चला की उनकी पत्नी की मौत से पहले ही उनके साले प्रेमदेव ने अपनी पत्नी उमा शर्मा और बेटे रचित शर्मा के साथ मिलकर मकान के फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और किरायनामा के बहाने रजिस्ट्री ऑफिस ले जाकर धोखाधड़ी से बैनामा अपने नाम करा लिया। इसके अलावा उनकी पत्नी को भी कागजों में साल 2017 में मृत दिखा दिया।
फर्जीबाड़े का पता चलने पर पीड़ित अपने बेटे व्यापारी पराग कुमार के साथ जब आरोपियों के पास पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और मकान भूल जाने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दे दी। इसके बाद गुरुवार को एसएसपी के आदेश पर आरोपी प्रेमदेव, उमा शर्मा, रचित शर्मा, राजाराम पाल व नरेश पाल के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी करने, जान से मारने की धमकी देने समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
