बरेली: मिलावटी देसी घी व सरसों तेल सेहत का दुश्मन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर पकवान बनाने हों या बाजार से मिठाई खरीदनी हो। हर चीज में देसी घी, रिफाइंड, सरसों तेल की जरूरत तो पड़ती ही है, लेकिन इनमें से कोई भी चीज ऐसी नहीं है जिसमें मिलावट न की जा रही हो। त्योहार पर खपत बढ़ने की वजह से शुद्ध के साथ मिलावटी …

बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर पकवान बनाने हों या बाजार से मिठाई खरीदनी हो। हर चीज में देसी घी, रिफाइंड, सरसों तेल की जरूरत तो पड़ती ही है, लेकिन इनमें से कोई भी चीज ऐसी नहीं है जिसमें मिलावट न की जा रही हो। त्योहार पर खपत बढ़ने की वजह से शुद्ध के साथ मिलावटी माल भी बेचा जा रहा है। जिस पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमें लगातार सैंपलिंग की कार्रवाई कर रही हैं। इसके बावजूद मिलावटखोरी हो रही है। अब तक तीन दर्जन से अधिक खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग हो चुकी है।

सरसों के तेल की मिलावट तो लाही और तेल की कीमत जानकर ही पता लगाई जा सकती है। सरसों के तेल में सबसे ज्यादा मिलावट होती है। तीन किलो लाही में एक किलो तेल निकलता है। इस समय लाही का भाव 70 से 80 रुपये किलो है, लेकिन बाजार में एक लीटर सरसों तेल 170 से लेकर 180 रुपये तक मिल रहा है। साफ है कि उसमें दूसरे तेल भी मिलाए जा रहे हैं। सरसों के तेल में पाम आयल, राइस ब्रान के अलावा आर्जीमोन, गुल्लू, अलसी का तेल भी मिलाया जाता है। इसके अलावा देसी घी में भी मिलावट हो रही है। देसी घी में वनस्पति घी और रिफाइंड मिलाया जाता है।

तेल, रिफाइंड व देसी घी के नमूने निकले थे असुरक्षित
बीते साल दिवाली पर विभाग द्वारा 113 नमूने खाद्य पदार्थों के लिए गए थे। जिनको लैब के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट आने के बाद रिफाइंड, वनस्पति, देसी घी के एक-एक नमूने अधोमानक और असुरक्षित पाए गए थे। दो सरसों के तेल के नमूने अधोमानक पाए गए थे।

सरसों के तेल में आर्जीमोन तेल की मिलावट से नेत्र रोग, हृदय रोग, ट्यूमर, वेट बेरी से मिलता जुलता जलोदर हो जाता है। इसमें खनिज तेल मिलाने से लीवर रोग और कैंसर की शुरुआत होती है। -डा. सुदीप सरन, वरिष्ठ फिजिशियन।

मिलावटखोरी पर लगाम कसने के लिए विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। नमूनों को भरने के बाद जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -धर्मराज मिश्र, जिला अभिहित अधिकारी

संबंधित समाचार