मुरादाबाद : बिलारी में पोते ने दादी को जिंदा जलाया, हत्या को हादसा बनाने का किया प्रयास
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद के बिलारी थानाक्षेत्र में पोते ने दादी को जिंदा जलाकर मार डाला। इसके बाद हत्या को हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम के सवालों में पोता उलझ गया। इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद के बिलारी थानाक्षेत्र में पोते ने दादी को जिंदा जलाकर मार डाला। इसके बाद हत्या को हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम के सवालों में पोता उलझ गया। इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। घटना के पीछे संपति विवाद बताया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बिलारी कोतवाली क्षेत्र में शिवधाम कालोनी निवासी 80 वर्षीया विधवा मंजू गुप्ता रिटायर एएनएम थीं। उनके बड़े बेटे टीटू ने आठ साल पूर्व ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। छोटा बेटा सचिन बिलारी में ही रुस्तम नगर में अपने परिवार के साथ रहता है। अपनी देखभाल के लिए तीन साल पूर्व उन्होंने टीटू के पुत्र वैभव को अपने रखा हुआ था। मंजू गुप्ता अपने पौते की हरकतों से तंग आ गई थी।
इसी के चलते वह अपने मकान की वसीयत छोटे बेटे सचिन के नाम कराना चाहती थी। जबकि वैभव इसे अपने नाम कराना चाहता था। इसी के चलते शुक्रवार तड़के उसने बाथरूम के पास अपनी दादी की जलाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने हत्या को हादसे का रूप देने का प्रयास भी किया। वैभव ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात वह और दादी खाना खाकर सो गए। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे दादी के गिरने की आवाज सुनकर उसकी आंख खुलीं। उसने देखा कि दादी के शरीर में आग लगी है।
वैभव ने तत्काल इसकी सूचना अपने चाचा सचिन को दी। जब तक वह मौके पर पहुंचे तब तक मंजू गुप्ता की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सचिन ने वैभव पर संपति के लिए अपनी दादी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने वैभव को हिरासत में ले लिया है। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
