बिजनौर : दिनदहाड़े बाइक सवारों ने महिला असिस्टेंट प्रोफेसर की गोली मारकर की हत्या, सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर, अमृत विचार।  नगर की साकेत कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब राह से गुजरती महिला को बाइक पर सवार दो युवकों ने सिर से तमंचा सटाकर गोली मार दी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर …

बिजनौर, अमृत विचार।  नगर की साकेत कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब राह से गुजरती महिला को बाइक पर सवार दो युवकों ने सिर से तमंचा सटाकर गोली मार दी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। आननफानन में लहूलुहान हालत में पड़ी महिला को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, वहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो घंटे बाद महिला की पहचान असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में हुई, जिसके बाद उनके घर पर सूचना भिजवाई गई। उनके बहनोई की तहरीर पर पति सहित दो लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट पंजीकृत की गई है।

वीआईपी कॉलोनी निवासी चमन शर्मा की 32 वर्षीय पुत्री प्रिया नगर में मुजफ्फरनगर रोड पर स्थित आरबीडी डिग्री कॉलेज में अंग्रेजी के असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात थीं। वह प्रात: 9:50 बजे घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं। वहां से किसी वाहन से उन्हें कॉलेज जाना होता था। उसके लिए वह साकेत कॉलोनी से होकर सड़क की ओर जा रही थीं।

पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि अचानक एक बाइक उनके निकट पहुंची, जिस पर दो लोग सवार थे। उनमें से एक ने तमंचा निकाल कर उनके सिर से सटा कर गोली चलादी, जिसके बाद वह घायल होकर नाली में गिर पड़ी, जिसके बाद हमलावर हवा में हथियार लहराते मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह व एएसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने फोर्स सहित मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल महिला को जब तक अस्पताल ले जाया गया, वह दम तोड़ चुकी थीं।

एक दिन पहले ही पति पर दर्ज हुई थी दहेज की रिपोर्ट
प्रिया के बहनोई ब्रजेश कुमार कौशिक ने बताया कि उनका विवाह छह साल पहले मुरादाबाद के भटावली गांव निवासी कमल शर्मा के साथ हुआ था। उनके पिता ने सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। लेकिन, ससुराल वाले उससे खुश नहीं थे। उनके द्वारा 10 लाख रुपये और गाड़ी की मांग की जा रही थी। आरोप है कि इसको लेकर उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

11 महीने से रह रही थीं पति से अलग
परिजनों के अनुसार ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर प्रिया इस वर्ष एक जनवरी को पति का साथ छोड़ कर पिता के साथ आकररहने लगी थीं। उनके पिता ने एक दिन पहले ही दामाद के खिलाफ थाना चांदपुर में दहेज मांगने के मामले में रिपोर्ट पंजीकृत करवाई थी। उनका कहना है कि बार-बार दहेज की मांग के चलते वह शादी के बाद भी उन लोगों को कई बार रुपये दे चुके थे। उसके बावजूद उनकी मांग कम नहीं हो रही थी। परिवार का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण ही उनके पति ने उन्हें इस तरह मौत के घाट उतार दिया।

संबंधित समाचार