धान खरीद मामले पर वरुण के तीखे बोल: कहा- सरकार के सामने गिड़गिड़ाऊंगा नहीं, क्रय केंद्रों पर होगी रिकॉर्डिंग, जाऊंगा कोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। भाजपा सांसद वरुण गांधी सरकारी धान खरीद के हालात देखने सुबह मंडी पहुंचे। उन्होंने मंडी में किसान और आढ़तियों से मिलकर धान खरीद की वास्तविकता जानी और किसानों से बात की। उसके बाद धान क्रय केंद्र प्रभारी को चेतावनी देते हुए सांसद ने कहा कि बाढ़ और अन्य आपदाओं से किसान वैसे …

पीलीभीत, अमृत विचार। भाजपा सांसद वरुण गांधी सरकारी धान खरीद के हालात देखने सुबह मंडी पहुंचे। उन्होंने मंडी में किसान और आढ़तियों से मिलकर धान खरीद की वास्तविकता जानी और किसानों से बात की।
उसके बाद धान क्रय केंद्र प्रभारी को चेतावनी देते हुए सांसद ने कहा कि बाढ़ और अन्य आपदाओं से किसान वैसे ही टूटा हुआ है।

अब वह बिचौलियों के हाथों औने-पौने दामों में धान बेचने को मजबूर है। क्रय केंद्र प्रभारी से कहा कि किसानों की बद्दुआ क्यों लेना चाहते हो। प्रत्येक क्रय केंद्र पर वह अपना प्रतिनिधि बिठाएंगे। वह पूरे दिन की गतिविधियां रिकॉर्ड करेगा। साक्ष्य मिलते ही वह भ्रष्टाचार रोकने के लिए सरकार के सामने गिड़गिड़ाएंगे नहीं, बल्कि सीधे कोर्ट जाकर भ्रष्ट अफसरों को सजा दिलाएंगे।

मंडी में किसानों से बातचीत करते हुए सांसद वरुण गांधी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने किसानों को तोड़कर रख दिया है। जब तक किसान को समर्थन मूल्य की गारंटी नहीं मिलती, तब तक वह बिचौलियों के शोषण की चक्की में पिसता रहेगा। सांसद ने कहा कि बाढ़ में फसल बर्बाद होने के बाद बचा-खुचा धान न बिकने से किसान उसमें आग लगाने को मजबूर है क्योंकि एमएसपी पर धान खरीद में पूरी तरह बिचौलिया तंत्र हावी है।

सांसद ने कहा कि पीलीभीत और लखीमपुर खीरी समेत 17 जिलों में धान के ढेर में आग लगाने की घटनाएं हो चुकी हैं। यह उत्तर प्रदेश और देश के लिए शर्म का विषय है। क्रय केंद्रों पर किसानों से एमएसपी पर धान न खरीदने के बहाने ढूंढे जाते हैं। कभी अधिक नमी के नाम पर तो कभी किसी अन्य बहाने से किसान का धान वापस कर दिया जाता है।

वही किसान आढ़त पर 1000 या 1100 रुपए में धान बेच देता है तो आढ़त का धान 1940 रुपए क्विंटल बिकता है। सांसद ने कहा कि वह चेतावनी देना चाहते हैं कि धान खरीद में भ्रष्टाचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। वरुण गांधी का मंडी निरीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। तमाम किसानों ने सांसद की बात का समर्थन करते हुए उनकी सराहना की।

यह भी पढ़े-

पीलीभीत: बस अनियंत्रित होकर पेड़ में घुसी, 12 से ज्यादा लोग घायल

संबंधित समाचार