बरेली: डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के करें प्रयास
बरेली, अमृत विचार। शासन की ओर से दो दिवसीय निरीक्षण पर आए संयुक्त निदेशक विधि प्रकोष्ठ डा. प्रहलाद सिंह ने शनिवार को जिले में संक्रामक रोगों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने डेंगू, मलेरिया, टायफाइड व कोरोना संबधित जांच, मरीज व उनकी रोकथाम के लिए किए जा रहे विभागीय स्तर के कार्यों के बारे में …
बरेली, अमृत विचार। शासन की ओर से दो दिवसीय निरीक्षण पर आए संयुक्त निदेशक विधि प्रकोष्ठ डा. प्रहलाद सिंह ने शनिवार को जिले में संक्रामक रोगों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने डेंगू, मलेरिया, टायफाइड व कोरोना संबधित जांच, मरीज व उनकी रोकथाम के लिए किए जा रहे विभागीय स्तर के कार्यों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही वैक्सीनेशन में दूसरी डोज में 52वां स्थान मिलने पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी की ओर से वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए बनाई गई कार्ययोजना के बारे में भी जानकारी ली।
सीएचसी फरीदपुर व कुआडांडा का किया निरीक्षण
संयुक्त निदेशक विधि प्रकोष्ठ डा. प्रहलाद सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर व कुआडांडा में निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दवा छिड़काव के बावत क्षेत्रीय लोगों से जानकारी ली। गांव का भ्रमण करने पर नालियां चोक मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम के गांव आकर डीडीटी व स्प्रे छिड़काव, एंटी लार्वा, फॉगिग आदि के बाबत जानकारी ली। सीएचसी कुआडांडा में पहुंचकर संयुक्त निदेशक ने दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी रजिस्टर, परिसर की साफ-सफाई आदि व्यवस्था जांची।
आईडीएसपी से जानी डेंगू की स्थिति
जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 376 हो गया है। संयुक्त निदेशक डा. प्रहलाद सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की आईडीएसपी यूनिट से डेंगू, मलेरिया, टायफाइड व कोरोना से ग्रसित मरीजों की सैंपलिंग, उपचार व निरोधात्मक कार्रवाई के बारे में भी जानकारी ली। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार बताया कि जिले में अब तक 6207 जांचे एनएस-1 कार्ड से, 2609 जांचें एलाइजा रीडर से की जा चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 38822 घरों में निरीक्षण कर 1552 लार्वा को नष्ट किया गया।
वहीं, मलेरिया में विभागीय रिपोर्ट के अनुसार जनवरी से शुक्रवार तक 178812 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसमें 1839 लोगों को प्लाज्मोडियम वाईवैक्स व 450 लोगों में प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम की पुष्टि हुई है। इस दौरान उन्होंने कम संसाधनों में बेहतर प्रयास करने को लेकर विभाग को कार्य करने के निर्देश दिए।
