बरेली: मिलावट पकड़ने वाली प्रयोगशाला बनाने को 22.53 करोड़ स्वीकृत
बरेली, अमृत विचार। खाद्य पदार्थों और दवाओं में मिलावट पकड़ने वाली प्रयोगशाला के निर्माण में अब देरी नहीं है। शासन ने बरेली में मंडलीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला के निर्माण के लिए 22.53 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। निर्माण तेजी से कराने के लिए प्रथम किस्त के रूप में 1 करोड़ रुपये भी जारी …
बरेली, अमृत विचार। खाद्य पदार्थों और दवाओं में मिलावट पकड़ने वाली प्रयोगशाला के निर्माण में अब देरी नहीं है। शासन ने बरेली में मंडलीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला के निर्माण के लिए 22.53 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। निर्माण तेजी से कराने के लिए प्रथम किस्त के रूप में 1 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए। सीबीगंज क्षेत्र के नंदोसी में 1 एकड़ भूमि में प्रयोगशाला बनेगी। भूमि आवंटित पहले ही की जा चुकी है। यहां पर प्रयोगशाला के साथ मंडलीय कार्यालय भी बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में प्रयोगशाला शामिल है। प्रदेश के 18 मंडलों में प्रयोगशाला बनाई जाएंगी लेकिन प्रथम चरण में बरेली को भी जगह मिली। इसलिए प्राथमिकता में निर्माण शुरू कराने के लिए शासन ने 29 अक्टूबर को वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी। बताते हैं कि इसी प्रयोगशाला में मंडल के जिलों में खाद्य पदार्थों और दवाओं के लिए जाने वाले नमूनों की जांच की जाएगी ताकि मिलावटखोरी रोकने में समय खराब न हो।
अभी नमूनों की जांच लखनऊ और मुंबई में करायी जाती है। व्यक्तिगत रूप से भी लोग किसी खाद्य पदार्थ की जांच यहां करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें कुछ रुपये बतौर शुल्क अदा करना पड़ेगा। प्रयोगशाला स्थापित होने के बाद लोगों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जनपद में खाद्य पदार्थों का उत्पादन करने वाली इकाइयां भी बढ़ी हैं। उन्हें अपने उत्पादों की जांच कराने के लिए भी परेशान होना नहीं पड़ेगा।
यूपी सिडको बनाएगी, इंजीनियरों की टीम प्रत्येक माह में एक बार करेंगी निरीक्षण
विशेष सचिव रेणु तिवारी की ओर से 29 अक्टूबर को जारी किए आदेश में बताया गया है कि प्रयोगशाला स्टेट कांस्ट्रक्शन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (यूपी सिडको) बनाएगी। आईआईटी कानपुर और एकेटीयू लखनऊ के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के दो सदस्यीय दल को तृतीय पक्ष मूल्यांकन करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी। संयुक्त दल को प्रत्येक माह में कम से कम एक बार कार्य का निरीक्षण करने के भी निर्देश जारी किए हैं।
