अयोध्या: बार एसोसिएशन के मंत्री के खिलाफ दर्ज एफआईआर में लगाई फाइनल रिपोर्ट
अयोध्या। बार एसोसिएशन फैजाबाद के मंत्री समेत तीन अन्य के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर में विवेचक ने क्लोजर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। क्लोजर रिपोर्ट संज्ञान में आने के बाद बार की आपातकालीन बैठक में न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव स्थगित कर दिया है। अब सिर्फ सिविल जज सीनियर डिविजन द्वितीय की अदालत …
अयोध्या। बार एसोसिएशन फैजाबाद के मंत्री समेत तीन अन्य के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर में विवेचक ने क्लोजर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। क्लोजर रिपोर्ट संज्ञान में आने के बाद बार की आपातकालीन बैठक में न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव स्थगित कर दिया है। अब सिर्फ सिविल जज सीनियर डिविजन द्वितीय की अदालत का बहिष्कार होगा। बार एसोसिएशन के मंत्री कृष्ण कुमार वर्मा, अधिवक्ता राजेंद्र कुमार समेत तीन के खिलाफ सिविल जज सीनियर डिविजन द्वितीय के अदालत की कोर्ट मुहर्रिर शालिनी यादव की ओर से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इसी के विरोध में अधिवक्ता बीते 9 अक्टूबर से न्यायिक कार्य से विरत थे। मांग थी कि मंत्री व अन्य अधिवक्ताओं के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट पुलिस समाप्त कर। मामले के विवेचक ने मामले में अदालत पर मौजूद पेशकार तथा अन्य कर्मचारियों का बयान दर्ज करने के बाद कोई साक्ष्य ना मिलने पर क्लोजर रिपोर्ट लगाते हुए विवेचना समाप्त कर दी है। इसकी जानकारी होने पर बार एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक बुलाई गई जिसमें संघ अध्यक्ष सुशील कुमार चौबे ने पुलिस की ओर से प्रस्तुत क्लोजर रिपोर्ट को सदन के समक्ष रखा।
जिस पर सभी सदस्यों ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव स्थगित करने व सिविल जज सीनियर डिवीजन द्वितीय भगवान दास गुप्ता की अदालत में कार्य बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया। बैठक में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संजीव दुबे, कालिका प्रसाद मिश्र, रंजीत बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष राजीव पांडेय, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, विजय बहादुर सिंह, आशुतोष पांडे आदित्य पांडे संतोष कुमार शुक्ला, चंद्र भूषण दुबे रमाकांत पांडे पारस नाथ पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
