अयोध्या नगर की सीमाएं सील, बिना पास दीपोत्सव में प्रवेश नहीं
अयोध्या। राम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव का आगाज हो चुका है। इसके मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संदिग्धों की आईडी चेक करने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी तय हुआ कि बिना पास के दीपोत्सव स्थल राम की पैड़ी पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, सीमाओं …
अयोध्या। राम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव का आगाज हो चुका है। इसके मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संदिग्धों की आईडी चेक करने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी तय हुआ कि बिना पास के दीपोत्सव स्थल राम की पैड़ी पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, सीमाओं को भी सील करने का भी निर्देश दिया गया है। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन भी किया गया है। सरकारी कार्य में ड्यूटी पर तैनात आने-जाने वाले लोगों की गाड़ियों, अधिकारियों को छूट रहेगी।
वहीं, मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने पुलिस महानिरीक्षक कविन्द्र प्रताप सिंह के साथ पांचवें दीपोत्सव, चौदह कोसी व पंचकोसी परिक्रमा व कार्तिक पूर्णिमा मेले से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था और अद्यतन तैयारियों के संबंध में आसपास के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयुक्त सभागार में बैठक की। मण्डलायुक्त ने बताया कि 3 नवंबर को दीपोत्सव कार्यक्रम में केवल पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जायेगी। साथ ही झांकी रिहर्सल, लेजर लाइट शो, कलाकृति आदि की तैयारियों के चलते बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित किया गया है।
अयोध्या नगर की सीमाओं को बंद कर दिया गया है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए रूट डायवर्ड प्लान लागू किया गया है। जिसका शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाना है। इसके अलावा सीमाओं पर बैरिकेडिंग लगाते हुये प्रशासनिक व पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाय। दीपोत्सव स्थल पर पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था करते हुये सुगम यातायात सुनिश्चित किया जाय।
उन्होंने आसपास के जनपदों से अयोध्या की ओर आने वाले वाहनों को डायवर्ट करने की गयी व्यवस्थाओं के बारे में जनपदवार समीक्षा की। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मेलाधिकारी, एडीएम सिटी को निर्देश दिये कि हाईवे पर आपातकालीन परिस्थितियों के लिए क्रेन, एम्बुलेंस और डायल 112 की व्यवस्थाएं सक्रिय रखें। इसके साथ ही दीपोत्सव में आने वाले विशिष्ट अतिथिगण, वीवीआईपी व वीआईपी के सुगम व्यवस्था के लिए वीआईपी सेल को बनाया जाय। जिससे उनको कार्यक्रम स्थल तक बिना किसी परेशानी के पहुंचाया जा सके।
होटल व आश्रय स्थलों पर चेकिंग के निर्देश…
पुलिस महानिरीक्षक कविन्द्र प्रताप सिंह ने आस-पास के जनपदों से आये पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा की दृष्टि से अयोध्या की सीमाओं पर चेकिंग में सख्ती बरती जाय। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों व गांव-गांव में जांच टीम भेजकर चेकिंग की जाय और कोई भी व्यक्ति संदिग्ध होने पर उसकी आईडी व अन्य दस्तावेजों की जांच की जाय तथा बाहर से आने वाले लोगों की होटलों, आश्रय स्थलों और अन्य ठहरने वाले स्थानों पर सघन अभियान चलाया जाय। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के दौरान भीड़ के बढ़ने की संभावनाएं ज्यादा है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने दीपोत्सव को सकुशल सम्पन्न कराने और आने वाले वीवीआईपी, वीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत मजिस्टेटों की ड्यूटी लगायी है।
