बरेली: बच्चा चोरी मामले में पुलिस के हाथ लगी सीसीटीवी फुटेज
बरेली, अमृत विचार। 15 दिन पहले नगर-निगम गेट के पास से हुए बच्चा चोरी मामले में कोतवाली पुलिस अभी भी खाली हाथ है। वहीं पुलिस के हाथ घटनास्थल के पास से घटना वाली रात का एक सीसीटीवी फुटेज भी लगा है। वहीं चोरी हुए बच्चे के परिजनों ने शहर छोड़कर वापस गृह जनपद जाने की …
बरेली, अमृत विचार। 15 दिन पहले नगर-निगम गेट के पास से हुए बच्चा चोरी मामले में कोतवाली पुलिस अभी भी खाली हाथ है। वहीं पुलिस के हाथ घटनास्थल के पास से घटना वाली रात का एक सीसीटीवी फुटेज भी लगा है। वहीं चोरी हुए बच्चे के परिजनों ने शहर छोड़कर वापस गृह जनपद जाने की इच्छा जताई है।
नगर-निगम गेट के पास रहने वाले महोबा जिला स्थित थाना अजनर के गांव महुआबांध के रिक्शा चालक इंद्रपाल और गीता के एक माह के बेटे का 14 अक्टूबर की देर रात अपहरण हो गया था। मामला डीएम के संज्ञान में आने को बाद कोतवाली पुलिस ने 72 घंटो बाद बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान कोतवाली पुलिस लगातार इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक बच्चा चोर के बारे में कोई ठोस सुराग हासिल नहीं कर सकी है। कोतवाली इंस्पेक्टर संजय निगम ने बताया कि नगर निगम गेट के आगे एक स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हाथ लगी है। फुटेज में एक व्यक्ति का चेहरा ढका हुआ है और वह एक बैग लेकर भागता दिखाई दे रहा है।
फुटेज के मुताबिक संदिग्ध व्यक्ति पहले बरेली कॉलेज की ओर से होता हुआ अग्निशमन कार्यालय के रास्ते के सामने से सिविल लाइंस की तरफ जाता हुआ दिखाई दिया है। वहीं फायर कार्यालय से लेकर कार बाजार चौराहे तक के सीसीटीवी कैमरे खराब होने के चलते बीच की फुटेज नहीं मिल पा रही है। चौराहे से बच्चा चोर किस तरफ भागा है इसका भी कुछ पता नहीं चल पा रहा है। वहीं दूसरी तरफ बच्चे के परिजनों का कहना है कि लोगों द्वारा परेशान किए जाने और परिजनों की चिंता करते हुए वह शहर छोड़कर अपने गृह जनपद महोबा जाना चाहते हैं। हालांकि बच्चे की तलाश और जांच-पड़ताल चलने की वजह से कोतवाली पुलिस ने परिजनों को शहर में ही रुकने की बात कही है।
