बरेली: गार्ड की लाइसेंसी बंदूक छीनकर बदमाश फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बुखारा रोड पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने कॉलेज के सुरक्षा गार्ड की बंदूक लूट ली। सुरक्षा गार्ड सुपरवाइजर के साथ बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। गार्ड बाइक चला रहा था, जबकि लाइसेंसी बंदूक सुपरवाइजर ने पकड़ रखी थी। जानकारी पर एसपी सिटी, सीओ समेत तीन थानों की फोर्स घटनास्थल पहुंच …

बरेली, अमृत विचार। बुखारा रोड पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने कॉलेज के सुरक्षा गार्ड की बंदूक लूट ली। सुरक्षा गार्ड सुपरवाइजर के साथ बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। गार्ड बाइक चला रहा था, जबकि लाइसेंसी बंदूक सुपरवाइजर ने पकड़ रखी थी। जानकारी पर एसपी सिटी, सीओ समेत तीन थानों की फोर्स घटनास्थल पहुंच गई। थाना फरीदपुर के गांव खल्लपुर निवासी शैलेश साहू बुखारा के पास स्थित रक्षपाल बहादुर मैनेजमेंट कालेज में सुरक्षा गार्ड हैं।

सोमवार शाम 6 बजे वह अपने सुपरवाइजर राजेश साहू निवासी खल्लपुर फरीदपुर के साथ मोटर साइकिल से नाइट ड्यूटी करने आरबीएमआई कालेज आ रहे थे। उनके पास अपनी डबल बैरल की लाइसेंसी बंदूक थी। बाइक शैलेश चला रहे थे। वह थाना फरीदपुर की देवरनिया पुलिस चौकी के पास स्थित भट्टे के पास वह पहुंचे थे। उनकी बंदूक सुपरवाइजर राजेश ने पकड़ रखी थी। इस दौरान पीछे से एक स्कार्पियो आई। चालक ने स्कार्पियो बाइक के बराबर में की। इसी दौरान बदमाशों ने झपट्टा मारकर राजेश से बंदूक छीन ली। कार सीधे बुखारा की तरफ चली गई।

कुछ दूरी तक शैलेश ने मोटर साइकिल से स्कार्पियो का पीछा किया लेकिन स्कार्पियो की अधिक रफ्तार होने की वजह से उसका पीछा नहीं कर सके। स्कार्पियो का नम्बर नोट करने की बात पर शैलेश ने बताया कि वह नम्बर ठीक से नहीं देख पाये। बंदूक में छह जिन्दा कारतूस लगे थे। शैलेश ने बंदूक छीने जाने की जानकारी कैंट पुलिस को दी। एसपी सिटी व कैंट पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद सीओ फरीदपुर व इंस्पेक्टर फरीदपुर भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि शैलेश साहू सेामवार को पहले दिन ही सुरक्षा गार्ड की नौकरी ज्वाइन करने जा रहे थे। शायद इसीलिए उनका सुपरवाइजर साथ में जा रहा था। पुलिस फरीदपुर बुखारा मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। शैलेश ने घटना की तहरीर थाना फरीदपुर पुलिस को दी है।

संबंधित समाचार