मुरादाबाद : संप्रदाय विशेष के लोगों ने खुद ही गिरा दी मीनार
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थानाक्षेत्र के गांव मनोहरपुर में पुलिस की सर्तकता और ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा बवाल होने से बच गया। मदरसे पर संप्रदाय विशेष द्वारा रातों-रात खड़ी गई की एक मीनार से गांव का माहौल गरमा गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात में ही दोनों पक्षों की वार्ता कराई। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थानाक्षेत्र के गांव मनोहरपुर में पुलिस की सर्तकता और ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा बवाल होने से बच गया। मदरसे पर संप्रदाय विशेष द्वारा रातों-रात खड़ी गई की एक मीनार से गांव का माहौल गरमा गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात में ही दोनों पक्षों की वार्ता कराई। इसके बाद उन्होंने खुद ही मीनार को धराशाई कर दिया। हालांकि सुरक्षा की दृष्टि से गांव में अभी भी पुलिस बल तैनात है।
थानाक्षेत्र के गांव मनोहरपुर में मिश्रित आबादी है। वर्ष 1999 में यहां एक संप्रदाय ने गोसिया मस्जिद के नाम से पत्थर लगाया था। इसमें बच्चों को दीनी तालीम दी जाती थी और नमाज भी अदा की जाती थी मगर यहां कोई मीनार नहीं थी। यह मदरसा मुस्लिम आबादी के बीच है। यहां दूसरे समुदाय के लोगों की आवाजाही न के बराबर है। सोमवार की रात इस मदरसे पर रातों-रात मीनार का निर्माण करा दिया गया। मंगलवार सुबह लोगों ने मीनार देखी तो गांव में माहौल गरमा गया।
सूचना मिलने पुलिस गांव में पहुंची और जांच पड़ताल की। दूसरे समुदाय के लोगों ने मदरसे पर मीनार बनाने का विरोध किया। इसे लेकर गांव में माहौल गरमा गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना यूपी 112 को सूचना दी। इस पर पीआरवी ने मौके पर पहुंचकर उच्चाधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इसके बाद एलआईयू की टीम ने भी गांव में जाकर जांच पड़ताल की और अफसरों को रिपोर्ट भेज दी थी। मंगलवार की रात सीओ इंदू सिद्धार्थ और मझेला थाना प्रभारी जीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद मीनार हटाने का प्रयास शुरू किया गया।
पुलिस ने ग्रामीणों से नई परंपरा डालकर गांव माहौल न बिगाड़ने की अपील की। पुलिस के समझाने पर संप्रदाय विशेष के लोगों ने खुद ही मीनार गिराने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने तड़के चार बजे मीनार को गिराने का काम शुरू कर दिया। सुबह आठ बजे तक मीनार पूरी तरह से गिरा दी गई। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि समझाने के बाद जिन्होंने मीनार बनाई थी उन्होंने खुद ही उसे गिरा दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
