मुरादाबाद : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में बुधवार देर रात करीब ढाई बजे कांठ रोड पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां चिकित्सकों ने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में बुधवार देर रात करीब ढाई बजे कांठ रोड पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को भर्ती कर लिया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।

हादसे में मृत 22 वर्षीय देवेंद्र सैनी पुत्र राजबहादुर सैनी कटघर के गोविंद नगर सी ब्लाक निवासी था। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि देवेंद्र फूड डिलीवरी कंपनी में नौकरी करता था। देवेंद्र के परिवार में मां मानवती, बड़ा भाई अक्षय और बहन गीता है। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार रात छजलैट थानाक्षेत्र के फतेहपुर विश्नोई गांव निवासी एक युवक से अपने 70 हजार रुपये लेने गया था। देवेंद्र अपने मोहल्ले में रहने वाले अपने दोस्त रवि को साथ ले गया था।
युवक ने रुपये नहीं दिए तो रात करीब दो बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। बुधवार रात ढाई बजे इनकी बाइक कांठ रोड पर अगवानपुर में सेरूवा चौराहे के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी वाहन ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया।
जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि रवि को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। बहन, मां और भाई का रो रोकर बुरा हो गया। थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
