सीतापुर: नाली को लेकर खूनी संघर्ष, गोली लगने से एक की मौत, दो जख्मी
सीतापुर। जिले में शुक्रवार को सुबह नाली को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष बंदूक से फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली लगने से विनोद अवस्थी की मौत हो गई। वहीं उसका पुत्र व पौत्र गंभीर रूप से जख्मी है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती …
सीतापुर। जिले में शुक्रवार को सुबह नाली को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष बंदूक से फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली लगने से विनोद अवस्थी की मौत हो गई। वहीं उसका पुत्र व पौत्र गंभीर रूप से जख्मी है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। खबर मिलते ही एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह मामला रोहिला गांव का है। बताते है कि गांव के रहने वाले शशिकांत बाजपेई व ललित कृष्ण त्रिवेदी के बीच काफी समय से नाली का विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया। देखते ही देखते शशिकांत बाजपेई की तरफ से ईट पत्थर चलने लगे। जिससे आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। इतना ही नहीं शशिकांत बाजपेई की तरफ से कुछ लोगों ने लाइसेंसी असलहों से गोलियां दागना शुरू कर दिया।
इस घटना में छत पर खड़े विनोद अवस्थी, उनका पुत्र आयुष व पौत्र उद्यांश घायल हो गए। आनन-फानन में परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने विनोद अवस्थी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पौत्र को लखनऊ रेफर कर दिया। विनोद अवस्थी के पुत्र आयुष का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नाली विवाद को लेकर हुए इस खूनी संघर्ष के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। शशीकांत की तरफ से संजू, अनुराग, अंकित, सुधीर व छुल्लन पर फायरिंग किए जाने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
विधायक व एसपी पहुंचे गांव
इस घटना की खबर मिलते ही विधायक शशांक त्रिवेदी ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। एसपी आरपी सिंह ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। इसपर एसपी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों पकड़ा जाएगा।
