रायबरेली: हाईवे पर तेज रफ्तार दो कारों की भिड़ंत में 2 की मौत, तीन घायल
रायबरेली। रविवार की रात भदोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत भांव गांव के पास शारदा नहर पुल पर तेज रफ्तार दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में प्रयागराज और मिर्जापुर के रहने वाले दो युवकों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया …
रायबरेली। रविवार की रात भदोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत भांव गांव के पास शारदा नहर पुल पर तेज रफ्तार दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में प्रयागराज और मिर्जापुर के रहने वाले दो युवकों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रयागराज जिले के कीटगंज निवासी शैलेंद्र पांडेय अपने साथी मिर्जापुर के गुमावां निवासी रवि शंकर मिश्र, पड़री के राजेंद्र चतुर्वेदी, भदोही के धीरेंद्र सिंह के साथ रविवार की रात प्रयागराज से लखनऊ की ओर निकले। शैलेंद्र कार चला रहे थे तो रवि शंकर आगे की सीट में बैठे थे वहीं राजेंद्र और धीरेंद्र पीछे की सीट पर बैठे थे। भांव गांव के पास शारदा नहर पुल पर इनकी कार की गोराबाजार से तेज रफ्तार कार सवार अनुज से टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
चीख पुकार सुन आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। पुलिस को सूचना दी ग ई। किसी तरह कार से सभी बाहर निकाले गए तो शैलेंद्र तथा रविशंकर की मौत हो गई थी। वहीं राजेंद्र, धीरेंद्र और अनुज को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंचे भदोखर थानाध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि आसपास के लोगों से जो जानकारी हासिल हुई है उसके मुताबिक दोनों कारों की रफ्तार बहुत अधिक थी। इस कारण हादसा हुआ। मृतकों के परिजनों को खबर दे दी गई है।
