बरेली: जिले में कम हुआ डेंगू का डंक, निकले दो मरीज
बरेली, अमृत विचार। मौसम में ठंडक के साथ ही जिले में डेंगू की रफ्तार भी धीरे-धीरे कम होने लगी है। इसका मुख्य कारण विशेषज्ञों के अनुसार ठंड की दस्तक बताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार 20 नंबवर के बाद जिले में डेंगू का प्रकोप लगभग खत्म हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार …
बरेली, अमृत विचार। मौसम में ठंडक के साथ ही जिले में डेंगू की रफ्तार भी धीरे-धीरे कम होने लगी है। इसका मुख्य कारण विशेषज्ञों के अनुसार ठंड की दस्तक बताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार 20 नंबवर के बाद जिले में डेंगू का प्रकोप लगभग खत्म हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को जिले में 254 लोगों की डेंगू की जांच में 51 लोगों का एनएस-1 कार्ड में डेंगू की पुष्टि हुई, जिसके बाद एलाइजा रीडर से जांच करने पर दो लोगों में ही डेंगू की पुष्टि हुई है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार डेंगू से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरी इलाकों में इस वर्ष सीबीगंज व ग्रामीण इलाकों में भोजीपुरा रहा, जिसमें सबसे अधिक डेंगू के मरीज निकले हैं। सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में सोमवार को डीबीसी व मलेरिया विभाग की टीम की ओर से 418 घरों में डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई की है। बता दें कि अब तक जिले में कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 448 हो गई है, जिसमें से अब तक विभागीय आंकड़ों के अनुसार सात लोगों की मौत हो चुकी है।
शहरी इलाकों में मिले डेंगू के मरीज
सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि इस बार डेंगू का प्रकोप शहरी क्षेत्र में अधिक रहा है। बता दें कि अब तक 14 अर्बन ब्लॉक में 291 डेंगू के मरीज निकल चुके हैं। जिनमें सबसे अधिक सीबीगंज में 90 व सबसे कम हरूनगला में निकले हैं। आंकड़ों के अनुसार सिविल लाइंस में 18, मौलानगर में चार, जगतपुर में 18, जाटवपुरा में चार, सुभाष नगर में 48, इज्जतनगर में 64, सीबीगंज में 90, बानखाना में तीन, पुराना शहर में 10, पीर बहोड़ा में छह, हरुनगला में दो, संजय नगर में आठ, प्रेमनगर में 12 व बाकरगंज में चार मरीज डेंगू के मिले हैं। वहीं ग्रामीण इलाकों में अब तक कुल 15 ब्लॉकों में 155 डेंगू के मरीज निकले है, जिनमें सबसे अधिक भोजीपुरा में 54 व सबसे कम दलेल नगर में दो डेंगू के मरीज निकले हैं। आंकड़ों के अनुसार भोजीपुरा में 54, नबावगंज में आठ, मीरगंज में पांच, रामनगर में चार, बिथरी में 17, मझगवां में चार, क्यारा में छह, भमौरा में पांच, फरीदपुर में 25, शेरगढ़ में तीन, फतेहगंज पश्चिमी में तीन, बहेड़ी में नौ, मुड़िया में तीन, दलेलनगर में दो व कुआडांडा में सात डेंगू के मरीज निकले हैं।
