गोलीकांड के विरोध में उतरी महिलाओं के साथ अभद्रता के आरोप में थानाध्यक्ष और दरोगा हुए निलंबित
हरदोई। भाहपुर में हुए गोलीकांड के मामले में एसपी अजय कुमार ने एएसपी पूर्वी अनिल कुमार यादव की जांच रिपोर्ट पर पाली इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। इससे पहले भी एक सब इंस्पेक्टर व कांस्टेबिल को निलंबित किया जा चुका है। बताते चलें कि पाली थाने के भाहपुर निवासी श्रीश राजपूत …
हरदोई। भाहपुर में हुए गोलीकांड के मामले में एसपी अजय कुमार ने एएसपी पूर्वी अनिल कुमार यादव की जांच रिपोर्ट पर पाली इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। इससे पहले भी एक सब इंस्पेक्टर व कांस्टेबिल को निलंबित किया जा चुका है।
बताते चलें कि पाली थाने के भाहपुर निवासी श्रीश राजपूत गोली मारने के मामले में निजामपुर निवासी अली वारिस और अतीक को नामजद किया गया था। पाली पुलिस पर गोलीकांड के विरोध में उतरी महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया गया था। आरोप को लेकर सख्त हुए एसपी अजय कुमार ने सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार यादव व कांस्टेबिल योगेन्द्र कुमार को निलंबित करते हुए एएसपी पूर्वी अनिल कुमार यादव को जांच सौंपते हुए उन्हें 48 घंटे की मोहलत दी थी।
मंगलवार की सुबह पाली पुलिस ने एसओजी व स्वाट टीम के साथ मिलकर दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया था। इधर एएसपी पूर्वी की जांच में पाली इंस्पेक्टर संजय कुमार पाण्डेय व सब इंस्पेक्टर मो. अजीम खां को दोषी ठहराया। एसपी अजय कुमार ने एएसपी पूर्वी की जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर संजय कुमार पाण्डेय व सब इंस्पेक्टर मो.अजीम खां को निलंबित कर दिया है। एसपी के इस कदम से उनके महकमें में खलबली मची हुई है।
