लखनऊ: थाने के सामने युवती को दबोचा, भाई ने किया हंगामा, जानें फिर क्या हुआ?
लखनऊ। लखनऊ पुलिस की कार्यप्रणाली इस कदर हो गई है कि पुलिस थाने के सामने भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बुधवार को सरेशाम सआदतगंज थाने के सामने एक शोहदे ने एक युवती को दबोच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। युवती ने शोर मचाया तो पुलिसकर्मी उसे पकड़कर थाने ले गए, लेकिन इस …
लखनऊ। लखनऊ पुलिस की कार्यप्रणाली इस कदर हो गई है कि पुलिस थाने के सामने भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बुधवार को सरेशाम सआदतगंज थाने के सामने एक शोहदे ने एक युवती को दबोच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। युवती ने शोर मचाया तो पुलिसकर्मी उसे पकड़कर थाने ले गए, लेकिन इस बीच युवती के भाई ने थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने युवती के भाई के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सआदतगंज थाना के सामने बुधवार देर शाम बाजार से लौट रही एक युवती को युवक ने पकड़ लिया। युवती के विरोध पर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। युवती ने शोर मचाया तो थाने के सिपाही आरोपी को पकड़ कर थाने ले आए। जहां युवक गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच पीड़िता का भाई जो खुद को अधिवक्ता बता रहा था। वह भी अपने साथियों के साथ थाने पहुंच गया। आरोपी से आमना-सामना होने पर वह भड़क गया और उसे खुद के हवाले करने का दबाव बनाने लगा।
इस हंगामे के दौरान युवती के समर्थन में आई भीड़ और पुलिस में जमकर धक्कामुक्की भी हुई। इस हंगामे का वीडियो वायरल हुआ तो आसपास के थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बड़ी मुश्किल से युवती के समर्थन में आए लोगों को शांत कराया गया। मौके पर पहुंचे डीसीपी सोमेन वर्मा ने बताया कि आरोपी चंदन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा हंगामा करने वाले युवती के भाई के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस के साथ हाथापाई के बाद पहुंचे अफसर
सआदतगंज पुलिस के मुताबिक थाने पर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की सूचना पर आलाधिकारियों को दे दी गई थी। जिसके बाद एसीपी बाजारखाला विजय राज सिंह समेत अन्य थानों की पुलिस पहुंच गई।
टूट रहा लोगों का सब्र
पुलिस थाने के सामने जिस तरह से यह घटना हुई है, उससे लोगों का गुस्सा स्वभाविक था। पुलिस ने भले ही हंगामा करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया हो, लेकिन यदि पुलिस सचेत न हुई और कार्यप्रणाली में सुधार न लाई तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
