बरेली: अस्थाई रास्ता बनाकर वसूली के मामले में 7 पर रिपोर्ट
शीशगढ़/मानपुर, अमृत विचार। कई दिनों से ग्राम बरगवां व पनबड़िया के बीच किच्छा नदी पर नवनिर्मित पुल टूट जाने पर कुछ लोगों ने बल्ली-फंटी लगाकर बैकल्पिक रास्ता बना लिया था। वह राहगीरों से 10-15 रुपये की अवैध वसूली कर रहे थे। दैनिक अमृत विचार में खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में …
शीशगढ़/मानपुर, अमृत विचार। कई दिनों से ग्राम बरगवां व पनबड़िया के बीच किच्छा नदी पर नवनिर्मित पुल टूट जाने पर कुछ लोगों ने बल्ली-फंटी लगाकर बैकल्पिक रास्ता बना लिया था। वह राहगीरों से 10-15 रुपये की अवैध वसूली कर रहे थे। दैनिक अमृत विचार में खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। चौकी इंचार्ज की फटकार के बाद लोग बल्ली-फंटी ट्रैक्टर-ट्राली में लोड कर फरार हो गए। अब इस मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। ग्राम प्रधान बरगवां ओमकार ने बताया कि ग्राम निधि के खाते से वैकल्पिक व्यवस्था कर नि:शुल्क रास्ता चालू करवा दिया है। जिससे राहगीरों को काफी राहत मिली है। जिसमें 11 हजार रुपये की धनराशि खर्च हुई है। गत दिनों नदी में बाढ़ आने से बरगवां व पनबड़िया के बीच किच्छा नदी पर नवनिर्मित पुल का एक हिस्सा टूट गया था।
जिससे कुछ ग्रामीणों ने पुल पर बल्ली फ़ंटी लगाकर रास्ता चालू कर राहगीरों से अवैध वसूली चालू कर दी थी। अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए गांव बरगवां के रहने वाले छोटे लाल, नन्हे लाल, सत्यवीर, मंगलसेन, तेज पाल, कुंवर सेन व राकेश निवासी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शाही में भी दर्ज हो चुकी है रिपोर्ट
बहगुल नदी की बाढ़ में गत दिनों दुनका बिहारीपुर रोड पर दुनका के पास बने पुल का भी एक हिस्सा बह गया था। इस पुल पर दुनका के आठ लोगों ने गत दिनों दो दिन पुल से आने जाने वालों से वसूली की थी। मामला उजागर होने पर गत दिनों एसपी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे। एसपी के निर्देश पर शाही पुलिस ने वसूली करने वाले दुनका के आठ आरोपियों के खिलाफ शाही थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
