बरेली: टैक्स विभाग की टीमों ने कई दुकानों को किया सील
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के हाउस टैक्स सहित दूसरे करों की वसूली न हो पाने से निगम की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं हो पा रही है। ऐसे में कर्मचारियों को वेतन देने तक में लाले हो रहे हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए टैक्स विभाग की टीमों ने नगर निगम के बड़े कर …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के हाउस टैक्स सहित दूसरे करों की वसूली न हो पाने से निगम की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं हो पा रही है। ऐसे में कर्मचारियों को वेतन देने तक में लाले हो रहे हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए टैक्स विभाग की टीमों ने नगर निगम के बड़े कर बकाएदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
गुरुवार को नगर निगम की टीमों ने रोहली टोला में सीलिंग की कार्रवाई का अभियान चलाकर कई दुकानदारों पर कार्रवाई की। इससे बकाएदारों के बीच हड़कंप की स्थिति मची रही। निगम के अधिकारियों की इस कार्रवाई से नाराज होकर कई दुकानदार नगर आयुक्त से भी मिलने नगर निगम पहुंचे।
टैक्स की वसूली का अभियान तेज करने के लिए सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी के साथ गुरुवार को कर विभाग की टीम रोहली टोला में अम्बा प्लाजा पर पहुंची। सुबह जिस समय टीम यहां बाजार में पहुंची उस समय ज्यादातर दुकानें बंद थी। टीमों ने कई दुकानों को सील कर दिया। बताते हैं कि इस बाजार के तमाम दुकानदारों पर करीब 30 लाख रूपये से अधिक का टैक्स बकाया था। जिसको लेकर नगर निगम ने कई बार नोटिस जारी किया, लेकिन भुगतान नहीं हो सका।
नगर निगम ने बहुत दिनों से रियायत देने के बाद ऐसी कार्रवाई की है। सील होने की सूचना जब दुकानदारों को लगी तो वो नगर आयुक्त अभिषेक आनंद से मिलने नगर निगम पहुंचे। व्यापारी जफर बेग ने बताया कि नगर निगम ने मार्केट पर सीलिंग की कार्रवाई की है। इस संबंध में नगर आयुक्त से मिलने पहुंचे मगर उनसे मुलाकात नहीं हुई।
सहायक नगर आयुक्त से बात की तो उन्होंने बकाया रकम का 50 प्रतिशत जमा करने को कहा है। इतनी बड़ी रकम एक साथ देने में व्यापारी असमर्थ है। उन्होंने कुछ बकाया जमा करने के लिए कहा लेकिन अधिकारी नहीं माने हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस तरह की ज्यादती करना ठीक नहीं है।
यह भी पढ़े-
