रामपुर : धड़ल्ले से हो रहा घाटों और खेतों से अवैध खनन
रामपुर/स्वार,अमृत विचार। जिले भर में धड़ल्ले से खनन माफिया नादियों के घाटों और खेतों से अवैध खनन कर रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक जेसीबी चल रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन इन खनन माफियाओं पर अकुंश लगाने में बौना साबित हो रहा हैं। वहीं ओवरलोड खनन वाहन हादसे का भी कारण बनते हैं। …
रामपुर/स्वार,अमृत विचार। जिले भर में धड़ल्ले से खनन माफिया नादियों के घाटों और खेतों से अवैध खनन कर रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक जेसीबी चल रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन इन खनन माफियाओं पर अकुंश लगाने में बौना साबित हो रहा हैं। वहीं ओवरलोड खनन वाहन हादसे का भी कारण बनते हैं।

अवैध खनन पर पुलिस प्रशासन की पकड़ मजबूत नहीं होने से तहसील क्षेत्र की नदियों के घाटों से अवैध खनन का काम धड़ल्ले से चल रहा है। जिसके चलते मार्गों पर रेत और मिट्टी से भरे वाहन सरपट दौड़ते नजर आते हैं। खनन के धंधेबाजों ने जगह-जगह नदियों के घाटों, खेतों को अपना निशाना बना रखा है।
शाम होते ही मशीनें गड़गड़ाने लगती हैं। गांवों के मार्गों से दिन-रात रेत मिट्टी से भरे वाहनों से ग्रामीण परेशान हैं। वहीं पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। तहसील क्षेत्र में अवैध खनन का धंधा एक बार फिर से धड़ल्ले से शुरू हो गया है। बारिश होने के बाद खनन के धंधेबाजों ने कोसी नदी के चौहद्दा, बेलवाड़ा, जमना जमनी, घोसीपुरा पट्टीकला और फाजलपुर घाटों पर कब्जा जमा लिया है।
सुबह-शाम कोसी नदी जेसीबी मशीनों व फोर बाई फोर ट्रैक्टरों से अवैध खनन कर निकट वर्ती स्टोनक्रशर पर भेज रहे हैं। इससे स्टोन क्रशर पर रेत के डंप लगना शुरू हो गए हैं। क्योंकि ज्यादातर स्टोन क्रशर कोसी नदी के नजदीक लगे हुए हैं। पुलिस प्रशासन की निगरानी के लिए तहसील कोतवाली से लेकर अधिकारियों के आवासों के आसपास तक अपने फील्डर लगा रखे हैं। जैसे ही अधिकारी या पुलिस अपने वाहनों से निकलते हैं तो फील्डर खनन के धंधेबाजों को सूचना दे देते हैं।
अगर प्रशासन को अवैध खनन पर लगाम कसनी है तो इन फील्डरों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिसके बाद कोसी नदी के घाटों पर छापामार कार्रवाई की जाए। वहीं खनन के धंधेबाजों ने किसानों के खेतों पर भी कब्जा जमा लिया है। वह खुलेआम मिट्टी का खनन कर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के भवनों में पटान कर रहे हैं। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के रास्तों से रेत मिट्टी से भरे ओवरलोड डंपरों के निकलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिन पहले ओवरलोड होने के कारण एक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई थी।
भोट और सिविल लाइन में भी हो रहा खनन
भोट थाना क्षेत्र के पीलाखार और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कोसी नदी में धड़ल्ले से खनन हो रहा है। जिसको रोक पाना पुलिस प्रशासन के लिए नाकाम साबित हो रहा है। माफिया धड़ल्ले से खनन के वाहनों को आसानी से अपने स्थानों तक पहुंचा रहे हैं। यही हाल सैदनगर क्षेत्र का है। यहां पर भी धड़ल्ले से खेतों में खनन हो रहा है। इससे कई खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं। थाने की पुलिस इसको नहीं रोक पा रही है। खौद और मुरसैना चौकी के सामने से सुबह से लेकर शाम तक खनन के ट्रक गुजरते रहते हैं।
