भाजपा 2024 की चिंता छोड़ 2022 में जनता को जवाब दे: अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। शनिवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी विजय रथ यात्रा के रवाना होने के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 में भारतीय जनता पार्टी की हालत खराब है। इसी कारण चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में बढऩे और कटने वाले वोटरों के नाम की सूची जारी …

गोरखपुर। शनिवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी विजय रथ यात्रा के रवाना होने के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 में भारतीय जनता पार्टी की हालत खराब है। इसी कारण चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में बढऩे और कटने वाले वोटरों के नाम की सूची जारी नहीं की है। चुनाव आयोग को सूची जारी करनी चाहिए ताकि हम जान सकें कि कौन से वोट बढ़े हैं और कौन से वोट कटे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को 2024 की चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्हें 2022 में जनता के सवाल का जवाब देना चाहिए। देश में महंगाई क्यों बढ़ी।अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब योगी सरकार नहीं योग सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो लैपटॉप चलाना जानता है, इंटरनेट चलाना जानता है वही तो मुखिया हो सकता है। मैंने सुना है कि मुख्य मंत्री लैपटॉप भी नहीं चला सकते। वह तो फोन चलाना भी नहीं जानते हैं।

बता दें कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इंतजार में जिले के सपा कार्यकर्ता और नेता सुबह से ही एयरपोर्ट और आसपास जमा हो गए थे। दोपहर लगभग 12 बजे अखिलेश यादव का प्लेन जब गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंड किया और उनके बाहर निकलते ही सपाइयों ने उन्हें घेर कर नारेबाजी शुरू की। एयरपोर्ट गेट से समर्थकों के नारेबाजी के बीच उन्हें विजय यात्रा रथ तक पहुंचने में करीब 10 मिनट लग गए। यहां उन्होंने बस की छत पर चढ़कर भारी भीड़ का हाथ हिला कर स्वागत किया।इस दौरान बेकाबू भीड़ नारे लगाती रही। इसके बाद उनका विजय रथ यात्रा माड़ापार के लिए रवाना हुआ। उनके पीछे सैकड़ों चार पहिया वाहन, बाइक सवार सपाई भी जयकारे और नारे लगाते हुए सभा स्थल की ओर बढ़ गए।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के विजय रथयात्रा के तीसरा चरण शुरू किया। दो दिन रथ यात्रा में अखिलेश यादव गोरखपुर के साथ कुशीनगर के सभी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे।इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बरसते हुए अपने संबोधन में कहा कि पेट्रोल-डीज़ल के दाम क्यों बढ़े। किसानों की आय अब तक क्यों नहीं बढ़ी। प्रदेश के युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिले।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों की जेब काटकर अमीरों की तिजोरी भर रही है। जो लोग मंहगाई को कम करने की बात कहते थे, उन्होंने मंहगाई बढ़ाई है। युवाओं को नौकरी नहीं मिली है। गोरखपुर में विकास नहीं हुआ, यहां नाव का विकास हुआ। पूरा शहर बरसात के पानी से भरा हुआ था। गोरखपुर की जनता विकास देखने का इंतजार कर रही है। मैं यहां राज्य के विकास की अपील करने आया हूं। भाजपा को 2024 की चिंता नहीं बल्कि 2022 में लोगों के सवालों का जवाब देना चाहिए।उन्होंने कहा कि याद करिए उस दिन को जब लॉकडाउन में हमारे मजदूरों को महाराष्ट्र- गुजरात से पैदल चलकर आना पड़ा। कोरोना काल में अस्पतालों में सरकार ने लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया था।

संबंधित समाचार