रामपुर : ब्लैक में बेच दी 17.58 लाख की खाद, आरोपी गिरफ्तार
रामपुर,अमृत विचार। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता हरेंद्र सिंह ने शहजादनगर में पीसीएफ बफर गोदाम पर छापेमारी के दौरान 74.200 मीट्रिक टन खाद की कालाबाजारी पकड़ ली। कालाबाजारी किए गए खाद की कीमत 17 लाख 58 हजार 540 रुपये है। इस मामले में भंडार नायक फईम अहमद के खिलाफ थाना शहजादनगर में एफआईआर दर्ज …
रामपुर,अमृत विचार। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता हरेंद्र सिंह ने शहजादनगर में पीसीएफ बफर गोदाम पर छापेमारी के दौरान 74.200 मीट्रिक टन खाद की कालाबाजारी पकड़ ली। कालाबाजारी किए गए खाद की कीमत 17 लाख 58 हजार 540 रुपये है। इस मामले में भंडार नायक फईम अहमद के खिलाफ थाना शहजादनगर में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने भंडार नायक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
किसान खाद के लिए परेशान हैं और जिले में खाद की कालाबाजारी पर रोक तक नहीं लग पा रही है। इस मुद्दे को अमृत विचार निरंतर प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है। सोमवार को शहजादनगर एवं पीसीएफ रामपुर द्वारा संचालित कृषक सेवा केंद्र शहजादनगर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता हरेंद्र सिंह ने शहजादनगर में पीसीएफ बफर गोदाम पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जिला प्रबंधक पीसीएफ प्रवीण कुमार, कार्यालय के पटल सहायक कुलदीप सिंह एवं पीसीएफ शहजादनगर के भण्डार नायक लक्ष्मन सिंह एवं फईम अहमद के साथ मौके पर मौजूद मिले। निरीक्षण में सहायक निबंधक सहकारिता ने गोदाम में भंडारण क्षमता और एनपीके की उपलब्धता के साथ-साथ वितरण के संबंध में तैयार किए गए अभिलेखों का गंभीरता पूर्वक अवलोकन किया।
कृषक सेवा केन्द्र पर स्टॉक रजिस्टर के अनुसार 1 अक्टूबर 2021 से अब तक 259 मीट्रिक टन एनपीके 12.32.16 उर्वरक प्राप्त किया गया है। स्टाक रजिस्टर के अवलोकन में 83.150 मीट्रिक टन एनपीके अवशेष दर्ज मिली लेकिन, निरीक्षण में कृषक सेवा केंद्र पीसीएफ शहजादनगर के गोदाम में मात्र 179 बोरी (8.95 मीट्रिक टन) ही मौके पर उपलब्ध मिला। इस प्रकार 74.200 मीट्रिक टन (1484 बोरी) का स्टॉक कम मिला। जिसका मूल्य 1185 रुपए प्रति बोरी की दर से 17,58,540.00 रुपए है।
भण्डार नायक एवं उर्वरक बिक्री केन्द्र प्रभारी कृषक सेवा केन्द्र पीसीएफ शहजादनगर फईम अहमद द्वारा इस एनपीके के स्टॉक में अनियमितता और कालाबाजारी की पुष्टि होने के बाद भंडार नायक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई। उर्वरक स्टाक में कमी और कालाबाजारी करने के लिये भंडार नायक फईम अहमद, उर्वरक बिक्री केन्द्र प्रभारी पीसीएफ कृषक सेवा केन्द्र शहजादनगर के विरुद्ध जिला प्रबन्धक पीसीएफ प्रवीण कुमार द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम 3/7, धारा 409, 420 एवं उर्वरक नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 31 के तहत थाना शहजादनगर में एफआईआर दर्ज करवाने के तुरंत बाद भंडार नायक को गिरफ्तार कर लिया गया है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता द्वारा छापेमारी के दौरान अपर जिला सहकारी अधिकारी, तहसील सदर, अपर जिला सहकारी अधिकारी बैंकिंग रामपुर एवं सहायक विकास अधिकारी विकास खण्ड चमरौआ भी मौजूद रहे।
शहजादनगर में पीसीएफ का बफर गोदाम है। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर से मिलान करने पर खाद के 1484 बोरे स्टॉक कम मिला। इस मामले में भंडार नायक के विरुद्ध जिला प्रबंधक पीसीएफ प्रवीण कुमार द्वारा थाना शहजादनगर में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को प्रदान की जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने में अनियमितता बरतने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही भी कराई जा रही है। – हरेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता
