रामपुर: सरकारी तंत्र फेल, नहीं थम रहा अवैध खनन का कारोबार
रामपुर, अमृत विचार। अकबराबाद और खौद मौजूदा समय में खनन का अड्डा बना हुआ है। घाटों से लेकर खेतों तक में 24 घंटे जेसीबी चल रही है। जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई टीम भी इस खनन को रोकपाने में नाकाम साबित हो रही है। सड़कों पर धड़ल्ले से खनन के वाहन दौड़ रहे हैं। पिछले …
रामपुर, अमृत विचार। अकबराबाद और खौद मौजूदा समय में खनन का अड्डा बना हुआ है। घाटों से लेकर खेतों तक में 24 घंटे जेसीबी चल रही है। जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई टीम भी इस खनन को रोकपाने में नाकाम साबित हो रही है। सड़कों पर धड़ल्ले से खनन के वाहन दौड़ रहे हैं।
पिछले कई माह से खनन का कारोबार चरम सीमा पर पहुंच गया है। जिले भर में कोसी नदी, पीलाखार, बेलबाड़ा, जमना-जमनी, करीमपुर, घोसीपुरा, अकबराबाद और चौहद्दी घाट पर सुबह से लेकर रात तक जेसीबी चल रही है। लेकिन इसको रोक पाने वाला कोई नहीं है। जिलाधिकारी द्वारा बनाई गई टीम भी इन खनन के वाहनों को रोकपाने में नाकाम साबित हो रही है। माफिया धड़ल्ले से वाहनों को हाइवे पर निकालकर ले जाते हैं। लेकिन पुलिस इन डंपर चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
इतना ही नहीं खौद क्षेत्र के कई गांवों में खनन माफिया ने काफी खेतों पर कब्जा कर रखा है। जिसमें जेसीबी चल रही है। इस दौरान कई खेत तालाब में तब्दील हो चुके हैं। जबकि आसपास के किसान इन लोगों की शिकायत करके थक गए हैं, उसके बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारी भी घाटों पर जाने से डरते हैं।
ओवरलोड वाहनों ने सड़कों का निकाला दम
जिले में इन दिनों खनन माफिया की सक्रियता बढ़ गई है। ओवरलोडिंग वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ओवरलोड वाहनों की वजह से जनपद में कई सड़कें गड्ढे में तब्दील हो गई है। गड्ढों में वाहन के फंसने से ट्रैफिक जाम के साथ ही दुघर्टना की आशंका बनी रहती है। जिले में घाटों पर खनन किया जा रहा है। घाटों से निकाले जाने वाले वाहनों में क्षमता से अधिक रेत भर रहे हैं। इससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही है। खौद से लेकर जौहर अस्पताल तक की सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है।
ओवरलोड वाहनों की वजह से सड़क टूट गई है। बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसमें वाहन का एक्सल आदि टूट जाता है। इससें आवागमन भी बाधित रहता है। गड्डों की वजह से हादसे की संभावना रहती है। ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए परिवहन व पुलिस विभाग की ओर से अभियान तो चलाया जाता है, लेकिन उसका खास असर नहीं दिख रहा है। कुछ माह पहले बनी सड़क, गड्ढे में तब्दील हो गई है।
खनन को लेकर लगातार टीमें छापेमारी कर रही है। शिकायत मिलने पर लगातार कार्रवाई भी की जा रही है।
— मनीष मीणा, एसडीएम सदर
