बरेली: चौबारी पर कार्तिक मेला आरंभ, 19 को मुख्य स्नान
बरेली, अमृत विचार। चौबारी का ऐतिहासिक कार्तिक मेला सोमवार से शुरू हो गया। 19 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। इस बार मेले को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। बिथरी विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल और जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने पारम्परिक पूजा अर्चना की। इसके बाद डीएम ने फीता …
बरेली, अमृत विचार। चौबारी का ऐतिहासिक कार्तिक मेला सोमवार से शुरू हो गया। 19 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। इस बार मेले को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। बिथरी विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल और जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने पारम्परिक पूजा अर्चना की। इसके बाद डीएम ने फीता काट कर मेला आरंभ किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रयास किया जा रहा है कि चौबारी मेला पूर्णरूप से प्लास्टिक मुक्त रहे।
प्लास्टिक कूड़े आदि को तत्काल मेले से उठाने एवं सफाई के लिए पिछले वर्ष से दोगुनी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालुओं और व्यापारियों से आह्वान किया कि चौबारी मेले में पॉलीथिन का प्रयोग न करें। स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। कहा कि राम गंगा नदी की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए भी सभी का सहयोग जरूरी है। इसलिए हम सभी को आज यह प्रण लेना होगा कि नदी की स्वच्छता को बनाए रखने में भागीदारी निभाएंगे।
चौबारी पर राम गंगा का मेला एक सप्ताह तक चलेगा। जिलाधिकारी ने यातायात पुलिस कैम्प का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ आरडी पाण्डेय, नगर मजिस्ट्रेट राजीव पाण्डेय, उप जिलाधिकारी सदर कुमार धर्मेंद्र, तहसीलदार सदर शेर बहादुर सिंह, समाजसेवी जेसी पॉलीवाल, रोहित राकेश, जयवीर सिंह आदि मेला कमेटी के पदाधिकारी आदि विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
