रामपुर : प्रतिबंध सिर्फ कागजों में, खौद चौकी से 3 किमी दूर खुलेआम हो रहा अवैध खनन
रामपुर\सैदनगर, अमृत विचार। भले ही प्रशासन अवैध खनन को रोकने के दावे करता हो। लेकिन रामपुर जिले में धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। लालपुर में कोसी नदी में सुबह से लेकर शाम तक जेसीबी चल रही है। माफिया डंपर और ट्रैक्टर ट्राली में रेत को भरकर गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं। कुछ दूरी …
रामपुर\सैदनगर, अमृत विचार। भले ही प्रशासन अवैध खनन को रोकने के दावे करता हो। लेकिन रामपुर जिले में धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। लालपुर में कोसी नदी में सुबह से लेकर शाम तक जेसीबी चल रही है। माफिया डंपर और ट्रैक्टर ट्राली में रेत को भरकर गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं। कुछ दूरी पर बनी खौद चौकी की पुलिस भी खनन को रोकपाने में नाकाम साबित हो रही है।
जिले भर में धंधेबाजों ने डेरा डाल रखा है। खुलेआम बेखौफ होकर किसानों के खेतों व नदियों के किनारों से अवैध रूप से मिट्टी का उठान कर नगर में जगह जगह बड़े-बड़े पटान किए जा रहे हैं। स्वार, केलाखेड़ा मार्ग, घूघानदी, लालपुर की कोसी नदी पर सुबह से शाम तक जेसीबी गरज रही है। मिट्टी से भरे ओवरलोड डंपर मार्गों पर सरपट दौड़ रहे हैं। इससे उड़ रही धूल ने ग्रामीणों एवं नगरवासियों सहित राहगीरों का जीना दुश्वार कर रखा है। खुलेआम अवैध खनन के काम को अंजाम दिया जा रहा है।
रेत के धंधेबाजों ने निकटवर्ती स्टोनक्रशर स्वामियों से साजबाज कर रखी है। धंधेबाज नदी से अवैध खनन कर रातों-रात इन स्टोनक्रशर पर ट्रैक्टर-ट्रालियों समेत डंपरों से रेत का डंप कर रहे हैं। खनन अधिकारी को अवैध खनन की जानकारी होते हुए भी खामोश होकर बैठ गए हैं। खनन के धंधेबाजों पर पुलिस प्रशासन का कोई खौफ दिखाई नहीं दे रहा है। इस खनन की वजह से कई खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं। प्रशासन भी खानापूर्ति के लिए किसानों पर कार्रवाई कर रहा है। बड़े-बडे माफिया को बचाया जा रहा है। खौद चौकी पुलिस भी ऐसे खनन माफिया के वाहनों सीज नहीं करती है।
खनन के वाहनों के साथ-साथ चलते फिल्डर
जिले में खनन का काम तेजी से फलफूल रहा। इस काम में खनन माफिया ने राजस्व विभाग को लाखों रुपया का चूना लगाया है। इसमें कुछ हिस्सा पुलिसकर्मियों को भी जा रहा है। माफिया महंगे-महंगे लग्जरी वाहनों से घूमने के साथ ही खनन के वाहनों के साथ भी चलते हैं। रास्ते में मिलने वाले पुलिस कर्मियों से साठ-गांठ करके अपने वाहनों को निकलवाते हैं, जो अधिकारी वाहन रोकने का प्रयास करता है। उस पर यह माफिया वाहन चढ़ाने की कोशिश तक करते हैं। कुछ दिनों पहले भी पीटीओं पर वाहन से टक्कर मारने की कोशिश की गई थी।
