मुरादाबाद : रेगिंग के विरोध पर छात्रों को मारपीट किया घायल
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा स्थित जीआईसी में 12वीं कक्षा के सीनियर छात्रों ने जूनियर के साथ रैगिंग की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करके घायल कर दिया। हंगामा होने पर प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। उन्होंने ही पुलिस को सूचना दी। घायल छात्रों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। जानकारी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा स्थित जीआईसी में 12वीं कक्षा के सीनियर छात्रों ने जूनियर के साथ रैगिंग की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करके घायल कर दिया। हंगामा होने पर प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। उन्होंने ही पुलिस को सूचना दी। घायल छात्रों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है।
जानकारी पर छात्रों के परिजन भी पहुंच गए। घायल छात्रों के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी है।
मामला पाकबड़ा थानाक्षेत्र के जीआईसी का है। इस कालेज में इस साल 10वीं कक्षा में पाकबड़ा निवासी अमन और फैजान ने दाखिला लिया था। मंगलवार सुबह दोनों दोस्त कालेज पहुंचे तो 12वीं कक्षा के छात्रों ने उनके साथ रैगिंग करने लगे। दोनों छात्रों ने विरोध किया तो गाली देने लगे।
उस समय तो मामला किसी तरह निपट गया और सभी छात्र अपनी-अपनी कक्षाओं में चले गए। फैजान ने बताया कि इंटरवल में आरोपी छात्रों ने उन्हें घेर लिया। करीब 12-13 छात्रों ने उन पर हमला कर दिया। इससे कालेज के मैदान में हंगामा हो गया। शोर-शराबा होने पर प्रिंसिपल चंद्रपाल सिंह भी अपने कार्यालय से बाहर निकल आए। उन्होंने पीड़ित छात्रों को बचाया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने दोनों घायल छात्रों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है। अमन के सिर में टांके लगे हैं। घटना की जानकारी पाकर छात्रों के परिजन भी कालेज पहुंच गए। उन्होंने हमलावर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर काफी देर तक हंगामा किया। फैजान ने बताया कि उन्होंने थाने में हमलावर छात्रों के खिलाफ तहरीर दे दी है। उधर इंस्पेक्टर रंजन शर्मा ने बताया कि वह कोर्ट में थे। उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। यदि तहरीर मिलती है तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
