मुरादाबाद : गंभीर हालत में मिली बच्ची का हुआ सफल आपरेशन
मुरादाबाद, अमृत विचार। जन्म के बाद से जिंदगी और मौत के बीच झूल रही बच्ची को आखिरकार सही उपचार मिल गया। जिला अस्पताल के बाद करीब 50 दिन तक टीएमयू में आईसीयू में भर्ती बच्ची के आपरेशन की जिम्मेदारी महानगर के एक सर्जन ने उठाई। सर्जन ने बुधवार को मासूम की पीठ पर जन्मजात हुई …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जन्म के बाद से जिंदगी और मौत के बीच झूल रही बच्ची को आखिरकार सही उपचार मिल गया। जिला अस्पताल के बाद करीब 50 दिन तक टीएमयू में आईसीयू में भर्ती बच्ची के आपरेशन की जिम्मेदारी महानगर के एक सर्जन ने उठाई। सर्जन ने बुधवार को मासूम की पीठ पर जन्मजात हुई गांठ का सफल आपरेशन किया। इसके बाद बच्ची को एहतियातन आईसीयू में भर्ती कर दिया गया है।
करीब दो माह पहले मझोला थाना क्षेत्र में एक सुनसान स्थान पर नजवात बच्ची मिली थी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मौके पर मजमा लग गया था। सूचना पर चाइल्ड लाइन की टीम व मझोला थाना पुलिस भी मौके पर आ गई थी। टीम ने रेस्क्यू करने के बाद बच्ची की हालत खराब होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के बाद भी बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ।
उसकी पीठ पर एक ग्रोथ था, जिसका आपरेशन होना था। बाद में यह मामला डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने बच्ची को बेहतर उपचार के लिए टीएमयू में भर्ती कराया था। करीब 50 दिन बच्ची आईसीयू में रही लेकिन विशेषज्ञ सर्जन न मिलने के कारण उसका आपरेशन नहीं हो सका। आखिरकार कई दिन चली कवायद और काउंसलिंग के बाद कटघर थाना क्षेत्र के गांधी नगर स्थित मेडिसिटी सेंटर के संचालक डा. अबू उबैद ने बच्ची के आपरेशन की जिम्मेदारी उठाई।
साथ ही उन्होंने यह आपरेशन निशुल्क करने की बात कही। इसके बाद कुछ दिनों पहले ही बच्ची को उनके अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था। आपरेशन से पहले मंगलवार की रात खून की आवश्यकता होने पर बाल संरक्षण अधिकारी शिवांगी शर्मा ने जिला अस्पताल से खून उपलब्ध कराया। बुधवार को आपरेशन होने की जानकारी मिलते ही बाल संरक्षण के काउंसलर जगदीश सिंह अपनी टीम के साथ पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार बच्ची का सफल आपरेशन हो गया। बाल संरक्षण अधिकारी शिवांगी शर्मा ने जानकारी दी कि आपरेशन के बाद बच्ची बिल्कुल ठीक है, एहतियातन बच्ची को अभी आईसीयू में रखा गया है।
