संभल : लूट में शामिल 15 हजार का इनामी बदमाश पुलिस ने दबोचा
संभल, अमृत विचार। जून माह में मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में रविंद्रा ब्रांड सरसों के तेल से लदा ट्रक और अमरोहा जनपद के थाना रजबपुर में मसालों से भरी डीसीएम की लूट में शामिल इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हापुड़ जनपद के थाना बाबूगढ़ छावनी के गांव बहरामपुर …
संभल, अमृत विचार। जून माह में मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में रविंद्रा ब्रांड सरसों के तेल से लदा ट्रक और अमरोहा जनपद के थाना रजबपुर में मसालों से भरी डीसीएम की लूट में शामिल इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हापुड़ जनपद के थाना बाबूगढ़ छावनी के गांव बहरामपुर बादली निवासी शाकिब पुत्र फकीरा ने अपने साथियों के साथ जून माह में राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर अमरोहा जनपद के थाना रजबपुर क्षेत्र में डीएसएम चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर मसालों की लूटपाट की थी। वहीं कुछ दिनों बाद हापुड़ से रविंद्रा ब्रांड सरसों तेल के 600 नगों से भरकर ट्रक मुरादाबाद की ओर जा रहा था।
पकबाड़ा थाना क्षेत्र में बदमाश ट्रक लूटकर असमोली थाना क्षेत्र में लेकर आए, पुलिस ने ट्रक और बदमाश पकड़ लिए और जनपद हापुड़ के थाना छावनी के गांव बहरामपुर बादली निवासी शाकिब पुत्र फकीरा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। संभल पुलिस ने अभियुक्त पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। गुरुवार को थाना नखासा क्षेत्र के तुर्तीपुरा में संदिग्ध अवस्था में खड़ा था।
मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो अभियुक्त भागने लगा। पुलिस को शक हुआ तो पुलिस ने अभियुक्त को दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने अभियुक्त की तलाशी ली तो एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
