बरेली: हाफिजगंज पुलिस पर नहीं है विश्वास, किसी और से कराई जाए मामले की जांच
बरेली, अमृत विचार। हाफिजगंज पुलिस पर हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपियों के नाम विवेचना से निकालने का आरोप लगाते हुए घायल युवक एसएसपी कार्यालय पहुंचा। युवक ने हाफिजगंज पुलिस पर विश्वास न होने और मामले की जांच हस्तांतरित कराने की मांग की है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के कटइया बलदेव सिंह निवासी अशोक …
बरेली, अमृत विचार। हाफिजगंज पुलिस पर हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपियों के नाम विवेचना से निकालने का आरोप लगाते हुए घायल युवक एसएसपी कार्यालय पहुंचा। युवक ने हाफिजगंज पुलिस पर विश्वास न होने और मामले की जांच हस्तांतरित कराने की मांग की है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के कटइया बलदेव सिंह निवासी अशोक कुमार ने हाफिजगंज पुलिस पर हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपियों से साठ-गांठ होने का आरोप लगाया है।
साथ ही रुपये लेकर दो नामजद आरोपियों के नाम मामले से निकालने का भी आरोप लगाया है। अशोक कुमार ने बताया कि 16 अक्टूबर को उनके गांव में शादी समारोह था। दावत खा कर वह देर रात करीब 12 बजे घर पहुंचे। उसी दौरान उनके घर में गांव के ही महेश चंद्र, सिधांशु और रामचंद्र तमंचा व धारदार हथियार लेकर घुस गए और गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने अशोक पर फायर कर दिया। गोली उनके सीने में लगी। घायल के भाई अनवेश की ओर से हाफिजगंज थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोप है कि हाफिजगंज पुलिस नामजद सिधांशु और रामचंद्र का नाम रिपोर्ट से निकालने की तैयारी कर रही है। पीड़ित ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर स्थानीय पुलिस पर विश्वास न होने और जांच हस्तांतरित कराए जाने की मांग की है।
