रामपुर : कोरोना वैक्सीन लगवाने के महज 5 घंटे बाद युवक की मौत
रामपुर/ टांडा, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र में कोरोना का टीका लगाने के महज पांच घंटो में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। वहीं इस घटना के बाद से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। टांडा थाना क्षेत्र के गांव धनुपुरा निवासी …
रामपुर/ टांडा, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र में कोरोना का टीका लगाने के महज पांच घंटो में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। वहीं इस घटना के बाद से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

टांडा थाना क्षेत्र के गांव धनुपुरा निवासी अमर सिंह पुत्र भगवानदास ने शुक्रवार को सीएचसी में लगाए गए कोरोना वैक्सीन कैंप में दोपहर दो बजे वैक्सीन लगवाई थी। इससे उसे बुखार आया था। परिवार के सभी लोग उसको घर पर छोड़कर खेत पर चले गए। परिजनों के अनुसार इस दौरान उसकी तबीयत बहुत बिगड़ गई। वह तड़पने लगा और इसको देखकर ग्रामीणों ने खेत पर जाकर उसके परिवार को जानकारी दी। आनन फानन में परिजन युवक को टांडा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां डाक्टरों ने युवक की स्थिति खराब देख उसको मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। वहीं करीब सात बजे मुरादाबाद पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने प्रदर्शन कर ये आरोप लगाया कि अमर सिंह (45) की मौत वैक्सीन लगने के कारण हुई है। वहीं ग्रामीणों के मुताबिक युवक की आर्थिक स्थिति खराब है। तीन बेटियां हैं।
परिवार में एक 15 वर्षीय बेटा है मृतक अकेला परिवार का पालन पोषण करने वाला था। परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं। युवक के पिता भगवानदास ने बताया कि बेटे अमर सिंह ने शुक्रवार को स्वस्थ स्थिति में वैक्सीन लगवाई थी। उसे बुखार आया तो वह लोग अमर सिंह को हल्के बुखार में छोड़कर खेत पर चले गए थे। लेकिन पास के लोगों की सूचना पर खेत से भागकर आए और अस्पताल ले गए। जहां उसे डाक्टरों ने देखकर मृत घोषित कर दिया।
लेखपाल की रिपोर्ट के मुताबिक युवक पहले से बीमार था। उसका इलाज चल रहा था। मृतक के परिवार की राजस्व विभाग की ओर से हर संभव मदद की जाएगी। निधि डोडवाल, उपजिलाधिकारी
