मुरादाबाद : भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक की मौत, तीन घायल
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। ठाकुरद्वारा-काशीपुर हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे भूसे में दबकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सरबरखेड़ा के निजी अस्पताल में भर्ती …
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। ठाकुरद्वारा-काशीपुर हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे भूसे में दबकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सरबरखेड़ा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ठाकुरद्वारा के गांव फैजुल्लानगर चमरावाला वाला निवासी 24 वर्षीय भूरा पुत्र नन्हे, उस्मान पुत्र अल्लाहदिया, इरफान पुत्र आशक अली तथा आजाद नगर ठाकुरद्वारा निवासी फखरुद्दीन शनिवार सवेरे उत्तराखंड के काशीपुर के एक गांव से करीब 6 बजे ट्रैक्टर ट्रॉली में भूसा लादकर मुरादाबाद रोड स्थित सिद्धार्थ पेपर मिल के लिए ले जा रहे थे। इस बीच रास्ते में ठाकुरद्वारा काशीपुर हाईवे मार्ग पर हरिया वाला चौराहे के निकट स्थित पेट्रोल पंप के पास पीछे से ओवरटेक कर रहे अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर ट्राली में जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गयी।
ट्रैक्टर पर भूरा पुत्र नन्हे तथा उस्मान पुत्र अल्लाहदिया भूसे में दब गए, जबकि इरफान तथा फखरुद्दीन ट्रैक्टर से दूर जा गिरे। ट्रॉली पलटने की घटना को देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना पर सूर्या चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। भूसे में दबे लोगों को राहगीरों की मदद से बाहर निकाला लेकिन तब तक भूरा की मौत हो चुकी थी।
पुलिस आनन-फानन में सर्व स्थित एक निजी चिकित्सालय में लेकर पहुंची लेकिन चिकित्सकों ने पूरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उस्मान, इरफान एवं फखरुद्दीन को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। मृतक भूरा पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। भूरा का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था। वह अपने पीछे पत्नी नानिया, पुत्री गौसिया एवं मां खुशनुदी को रोता विलखता छोड़ गया है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
