हरदोई: मासूम को ट्रक ने कुचला, गुस्साए लोगों ने हाईवे पर लगाया जाम
हरदोई। प्रदेश में आए दिन कहीं न कहीं सड़क हादसे हुआ करते हैं। एक ऐसा ही दर्दनाक सड़क हादसा हरदोई में हुआ जहां बस से उतरकर मां के साथ सड़क पार कर रही मासूम को देर शाम ट्रक ने कुचल दिया। हादसे से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से गुस्साए …
हरदोई। प्रदेश में आए दिन कहीं न कहीं सड़क हादसे हुआ करते हैं। एक ऐसा ही दर्दनाक सड़क हादसा हरदोई में हुआ जहां बस से उतरकर मां के साथ सड़क पार कर रही मासूम को देर शाम ट्रक ने कुचल दिया। हादसे से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से गुस्साए लोगों ने बिल्हौर-कटरा हाईवे पर जाम लगा दिया। ये जाम और हंगामा करीब एक घंटे तक हाई-वे पर चलते रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसके ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है। जांच अभी जारी है।
बताया गया है कि सांडी थाने के लक्ष्मणपुर निवासी ब्रजकांत अग्निहोत्री की पांच साल की पुत्री गौरी शनिवार को अपनी मां के साथ सांडी कस्बे की बाजार आई हुई थी। शाम को दोनों मां-बेटी बस पर सवार होकर घर जाने के लिए रवाना हो गए। बताया गया है कि दोनों गांव के सामने बिल्हौर-कटरा हाईवे पर बस से उतरकर घर जाने के लिए सड़क पार कर रहीं थी। इसी बीच एक तेज रफ़्तार ट्रक ने टक्कर मारते हुए मासूम गौरी को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे के दौरान वहां मौजूद लोग दौड़ पड़े। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर भारी जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक हाई-वे पर बवाल होता रहा। इसके बाद वहां पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझा कर जाम हटवाया। उसने ट्रक को कब्ज़े में ले कर उसके ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया है। मामले की जांच चल रही है। वहीं दूसरी ओर बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
