रायबरेली: दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, एक घायल
रायबरेली। शनिवार को रात सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। बता दें, लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। वहीं रविवार को बांदा – बहराइच हाइवे पर स्थित गीता फीलिंग स्टेशन अहलादगढ़ पेट्रोल पम्प के …
रायबरेली। शनिवार को रात सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। बता दें, लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। वहीं रविवार को बांदा – बहराइच हाइवे पर स्थित गीता फीलिंग स्टेशन अहलादगढ़ पेट्रोल पम्प के पास ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक और बोलेरो की आमने-सामने की टक्कर हो गई जिसमें एक युवक की मौत हो गई और एक घायल हो गया।
घटना एक
शिवगढ़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत बांदा-बहराइच हाइवे पर स्थित गीता फीलिंग स्टेशन अहलादगढ़ पेट्रोल पम्प के पास ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक और बोलेरो की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जानकारी के मुताबिक बालकृष्ण पुत्र परमेश्वर उम्र 40 वर्ष और वीरेंद्र पुत्र पुत्तन उम्र 39 वर्ष निवासी कसरावां, थाना बछरावां किसी काम से भौसी गए थे। जहां से वापस होने के बाद किसी काम से भवानीगढ़ की ओर जा रहे थे। तभी अहलागढ़ पेट्रोल पम्प के पास ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में हैदरगढ़ से बछरावां की तरफ जा रही तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो से बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई जिसमें बाइक चालक बालकृष्ण हाईवे पर गिर गया, वहीं वीरेंद्र ट्रक की चपेट में आ गया।
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए, लोगों की सूचना पर आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उठाया तो वीरेंद्र की मौत हो चुकी थी। हालांकि पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया वहीं बालकृष्ण की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि मृतक वीरेंद्र का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पढ़ें-गोरखपुर: ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर महिला कांस्टेबल निलम्बित, जानें मामला
घटना दो
लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर तिवारीपुर गांव के पास बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। एक मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताते हैं कि नेवादा गांव निवासी सतेंद्र कुमार अपने बहनोई अशोक कुमार निवासी गंज मजरे गंगौली गांव निवासी के साथ मछली का व्यवसाय करता था। मछलियां खरीद कर कस्बा, बाबूगंज, समेत परियावां, नबाब गंज, प्रतापगढ़, कुंडा आदि बाजारों के व्यवसायियों को बेचता था। शनिवार की रात को सतेंद्र कुमार प्रतापगढ़ जिले के कुंडा कोतवाली के लरूपुर गांव निवासी रिश्तेदार की बाइक लेकर घर आया था। मछलियों को रखने के लिए बर्फ खरीदने बाबूगंज बाजार जा रहा था।
इसी बीच तिवारीपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों बाइक सवार हाईवे के किनारे गड्ढे में जा गिरे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मृतकों के सिर फट गए थे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस के मुताबिक दोनों मृत बाइक सवार नशे की हालत में थे और दोनों की जेब से शराब की एक एक सीसी भी बरामद हुई है। पुलिस शवों को सीएचसी ले गई, जिसके बाद मृतकों की शिनाख्त में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद देर रात ही दोनों मृतकों की शिनाख्त हो पाई।
कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि मृतक सतेंद्र के चाचा पुत्तन की तहरीर पर अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना से संबंधित वाहन की तलाश की जा रही है।
