पीलीभीत: पुलिस का दावा- बरखेड़ा के किशोर ने की वारदात, गिरफ्तार, हाईकोर्ट के सीनियर अधिवक्ता ने उठाए सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। छात्रा की दरिंदगी के बाद हत्या का सातवें दिन पुलिस ने खुलासा कर दिया। बरखेड़ा के एक सोलह वर्षीय किशोर को इस वीभत्स घटना का आरोपी बताया गया है। हालांकि पुलिस ये स्पष्ट नहीं कर सकी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे। आरोपी के मकान से कथित तौर पर छात्रा …

पीलीभीत, अमृत विचार। छात्रा की दरिंदगी के बाद हत्या का सातवें दिन पुलिस ने खुलासा कर दिया। बरखेड़ा के एक सोलह वर्षीय किशोर को इस वीभत्स घटना का आरोपी बताया गया है। हालांकि पुलिस ये स्पष्ट नहीं कर सकी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे। आरोपी के मकान से कथित तौर पर छात्रा की ओर से लिखे गए दस पुराने प्रेम पत्र और मोबाइल में मैसेज मिलने की बात कही गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लगातार गुमराह कर रहा है। ऐसे में बाकी सवालों के जवाब तलाशने को नार्को टेस्ट कराने को न्यायालय से अनुमति ली जाएगी। भेजे गए सैंपिलों की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है। उधर, छात्रा के परिवार वाले भी किए गए खुलासे पर अभी पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है।

घटना तेरह नवंबर को बरखेड़ा क्षेत्र में हुई थी। घर से कोचिंग जाने को निकली छात्रा का दिन भर लापता रहने के बाद नग्न हालत में शव गांव के बाहर गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड भेजी गई थी। जिसकी रिपोर्ट अभी आना बाकी है। रविवार शाम को एसपी दिनेश कुमार पी ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता कर खुलासा कर दिया। बरखेड़ा क्षेत्र के एक किशोर को सनसनीखेज वारदात का आरोपी बताया।

कहा कि पहले आरोपी का छात्रा से प्रेम प्रसंग रह चुका है।दोनों आपस में बातचीत करते थे। प्रेम पत्र भी लिखे थे। जानकारी होने पर छात्रा के पिता ने आरोपी के घर जाकर शिकायत कर दी। इसके बाद पाबंदी लग गई थी। उसके बाद आरोपी को बाहर भेज दिया था। काफी समय बाद वह वापस लौटा और पिता की दुकान पर बैठने लगा तो दोबारा छात्रा से संपर्क करने में जुट गया था। उसे शक था कि छात्रा अब किसी अन्य से भी बात करती है। इसे लेकर वह नाराजगी जताता था, जबकि छात्रा खुद को सही साबित करती थी। इसके मोबाइल मेसेज मिलने और आरोपी के घर से बरामद दस प्रेम पत्र में जिक्र होने का दावा किया।

पुलिस का कहना है कि घटना के दिन आरोपी ने छात्रा को खेत के पास रोक लिया और भीतर ले गया। चूंकि पहले से एक-दूसरे से पहचान थी।इस वजह से छात्रा चुपचाप चली गई।खेत के भीतर इसी बात पर विवाद हुआ और आरोपी किशोर ने पहले मारपीट की और फिर दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के दोस्तों से भी इसके क्लू मिले थे। जिसके बाद उस तक पुलिस पहुंची और साक्ष्य मिल सके।

हाईकोर्ट के सीनियर अधिवक्ता ने अब खुलासे पर उठाए सवाल
बरखेड़ा कांड में पुलिस की कार्यशैली पर पहले ही सवाल उठा चुके सपा नेता एवं हाईकोर्ट के सीनियर अधिवक्ता सुधीर तिवारी ने अब पुलिस के खुलासे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कहा कि पुलिस ने फर्जी घटना खोली है। इसके खिलाफ न्यायालय में लड़ाई लड़ी जाएगी। हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।

उनका कहना था कि उनके साथ कई अधिवक्ता जैसे शरद जायसवाल, सैयद हैदर जाफरी एडवोकेट, सत्य प्रकाश पांडेय एडवोकेट परिवार से मिले थे। उसने पूरी बात सुनी थी। उसमें पता चला था कि घटना के दिन छात्रा सुबह करीब पौने सात बजे घर से निकली थी। अब खुलासे की बात ही मान ली जाए तो पंद्रह से बीस मिनट के दौरान खेत पर पहुंच गई होगी। वहीं पर उसकी हत्या कर दी गई। ऐसे में सवाल उठाया कि पिता ने उन्हें बताया था कि वह नौकरी पर जाने के लिए लड़की के निकलने से आधे घंटे बाद गए थे। खुलासे की कहानी सही तो पिता को लड़की क्यों नहीं दिखाई दी। दिन भर किसी की नजर नहीं गई। जबकि खेत सड़क से पंद्रह बीस कदम अंदर है। फिर भी किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी।

पुलिस ने शव मौके से बिना नियमों का पालन किए हटवाया। आरोप लगाया कि ज्योराह कल्याणपुर के पास आकर पुलिस की गाड़ी से शव प्राइवेट गाड़ी में रखे जाने की बात उन्हें परिवार ने बताई थी। पंचायत नामा भी पोस्टमार्टम हाउस पर भरा गया। जबकि नियम है कि मौके पर भरना चाहिए था। पोस्टमार्टम से पहले डीप फ्रीजर में शव रखा गया।उनका आरोप है कि अगर उसमें नहीं रखी जाती तो साक्ष्य मिलते। आरोप लगाया कि ये खुलासा गले उतरने लायक नहीं।

कहीं न कहीं असली आरोपियों को बचाया गया है। इसके खिलाफ उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में जाएंगे। पूरे कांड को और आरोपियों को बेनकाब करेंगे। साक्ष्य मिटाने वाली पुलिस पर भी कार्रवाई कराएंगे। असली आरोपी को जेल भिजवा कर ही दम लूंगा। पुलिस ने बड़ा खेल कर दिया है।

संबंधित समाचार